‘आजम खान दग चुकी गोली हैं?’ राजभर का अखिलेश पर तीखा हमला, ओवैसी-चंद्रशेखर को लेकर भी किया इशारा
उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर आजम खान को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उनके और आजम खान के रिश्तों पर सवाल खड़े किए हैं। राजभर ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या अखिलेश यादव की नजर में भी अब आजम खान ‘दग चुकी गोली’ बन गए हैं?
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट लिखकर अखिलेश यादव और आजम खान के बीच कथित दूरी को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आजम खान जेल से बाहर आ चुके हैं, लेकिन अखिलेश यादव की ओर से उनसे मुलाकात तक नहीं की गई। राजभर ने इसे लेकर सपा प्रमुख पर निशाना साधा और मुस्लिम राजनीति को लेकर भी सवाल खड़े किए।
‘चचाजान से अब तक दुआ-सलाम तक नहीं हुई’
राजभर ने अपनी पोस्ट में अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि आजम खान जेल से बाहर आए, लेकिन ऐसा लगता है कि उनके बाहर आने से अखिलेश यादव को कोई खास खुशी नहीं हुई। न उनसे मुलाकात हुई, न दुआ-सलाम और न ही स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें लखनऊ आने का निमंत्रण दिया गया।
राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि जब अखिलेश यादव अपने पिता और चाचा को ही महत्व नहीं देते, तो आजम खान जैसे दूर के रिश्तेदार से क्या उम्मीद की जा सकती है।
MY समीकरण पर भी उठाए सवाल
ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुस्लिम-यादव यानी MY समीकरण पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव जिस भाईचारे की बात करते हैं, उसमें मुस्लिम नेताओं का इस्तेमाल राजनीतिक जरूरत के हिसाब से किया जाता है।
राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि इस समीकरण में भाई का चेहरा स्थायी है, लेकिन चारे का चेहरा बदलता रहता है। कभी आजम खान थे और अब उनकी जगह कोई दूसरा नेता आ गया है।
‘दग चुके कारतूस बनकर घूम रहे आजम खान’
राजभर ने आजम खान की राजनीतिक स्थिति पर भी तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कभी आजम खान पश्चिमी यूपी की राजनीति में सपा के लिए बड़ी भूमिका निभाते थे, लेकिन अब उनकी स्थिति बदल गई है।
उन्होंने दावा किया कि आजम खान अब खुद को राजनीतिक रूप से बेचने की बात कर रहे हैं और आरोप लगाया कि उन्हें खरीदने के लिए दूसरे राजनीतिक दलों के नेता भी इंतजार कर रहे हैं।
ओवैसी और चंद्रशेखर का नाम लेकर अखिलेश को चेताया
अपने बयान में राजभर ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की ओर भी इशारा किया। उन्होंने अखिलेश यादव को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि आजम खान को अपने साथ जोड़ने के लिए दूसरे नेता भी कोशिश कर सकते हैं।
राजभर के इस बयान के बाद यूपी की सियासत में आजम खान और अखिलेश यादव के रिश्तों को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि समाजवादी पार्टी की ओर से इस तीखे हमले पर क्या प्रतिक्रिया आती है।
