दुर्ग, बेमेतरा और राजनांदगांव में 6, 20 एवं 28 दिसंबर को होगा आयोजन, रक्तवीरों को हेलमेट और प्रशस्ति पत्र से किया जाएगा सम्मानित
राजनांदगांव। मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों को नई दिशा देने के उद्देश्य से मां कर्मा रक्तवीर क्लब द्वारा दिसंबर माह में दुर्ग संभाग के तीन अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के साथ ही समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
मां कर्मा रक्तवीर क्लब के संरक्षक मदन साहू ने बताया कि प्रथम शिविर का आयोजन 6 दिसंबर को जिला साहू संघ दुर्ग के महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित युवक-युवती परिचय सम्मेलन के अवसर पर किया जाएगा। दूसरा शिविर 20 दिसंबर को जिला साहू संघ बेमेतरा में युवक-युवती परिचय सम्मेलन के अवसर पर महिला प्रकोष्ठ दुर्ग संभाग के तत्वावधान में आयोजित होगा। वहीं तीसरा रक्तदान शिविर 28 दिसंबर को राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुढ़ानछापर में लगाया जाएगा।
इन शिविरों में स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हेलमेट एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके माध्यम से रक्तदान के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा।
मदन साहू ने कहा कि रक्तदान महादान ही नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति, गंभीर मरीज या जरूरतमंद के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों एवं सभी जागरूक नागरिकों से तीनों शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा के इस पुनीत अभियान में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी समाज के लिए प्रेरणादायी साबित होगी।
