Headlines

UP 2027: CM फेस पर पंकज चौधरी का बड़ा बयान, गिनाए 6 संभावित नाम

यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे पर सस्पेंस बरकरार है। इस बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सीएम फेस को लेकर बड़ा बयान दिया है। खास बात ये है कि उन्होंने एक नहीं, बल्कि बीजेपी के 6 बड़े नेताओं को मुख्यमंत्री चेहरे के तौर पर गिनाया है।

एबीपी न्यूज़ से एक्सक्लूसिव बातचीत में जब पंकज चौधरी से पूछा गया कि क्या वह खुद भी 2027 के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा हो सकते हैं, तो उन्होंने कहा कि वह भी एक चेहरा हैं, लेकिन मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इसका फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड करेगा।

पंकज चौधरी ने कहा कि बीजेपी का फिलहाल सबसे बड़ा लक्ष्य उत्तर प्रदेश में दोबारा सरकार बनाना है। उन्होंने साफ किया कि पार्टी जो भी फैसला करेगी, वह उसे स्वीकार करेंगे और संगठन के फैसले के साथ खड़े रहेंगे।

उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें कई बार लोकसभा चुनाव लड़ने का मौका दिया और बाद में मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी। उन्होंने कहा कि ये सभी फैसले पार्टी ने किए हैं और आगे भी पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाएंगे।

मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पंकज चौधरी ने कहा कि बीजेपी किसी एक व्यक्ति के नाम पर नहीं, बल्कि सामूहिक नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव लड़ती है। चुनाव के बाद पार्टी तय करती है कि किसे कौन सी जिम्मेदारी दी जाएगी।

सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने बीजेपी के छह बड़े नेताओं को चेहरे के तौर पर गिनाया। पंकज चौधरी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी का सबसे बड़ा चेहरा हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी पार्टी के बड़े चेहरे हैं।

पंकज चौधरी ने दावा किया कि बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं के दम पर उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में कामयाब होगी। अब उनके इस बयान के बाद 2027 में बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सियासी चर्चा और तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *