Headlines

गुरुर: सामाजिक भवन के लिए कुम्हार समाज ने सौंपा ज्ञापन, राशि आवंटित कराने की मांग


गुरुर । जिला कुम्हार समाज बालोद के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री एवं संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र के जनसेवक राकेश यादव से मुलाकात कर सामाजिक भवन निर्माण के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत एवं आवंटित कराने की मांग की। जिला कुम्हार समाज के जिलाध्यक्ष श्रीराम चक्रधारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में ज्ञापन सौंपकर समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग को शासन स्तर तक पहुंचाने का आग्रह किया।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि बालोद जिले की सीमा के अंतर्गत कुम्हार समाज के लगभग 5 हजार लोग निवासरत हैं। समाज की संख्या अधिक होने के बावजूद सामाजिक बैठकों, सामुदायिक गतिविधियों, विभिन्न आयोजनों एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए वर्तमान में समाज के पास स्वयं का कोई सामाजिक भवन नहीं है। इसके कारण सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में समाज के लोगों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत सिवनी के अंतर्गत भूमि को कुम्हार समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित किया गया है। समाज की मांग है कि उक्त प्रस्तावित स्थल पर भवन निर्माण के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत एवं आवंटित कराने की दिशा में पहल की जाए, ताकि जिलेभर के कुम्हार समाज के लोगों को सामाजिक गतिविधियों के लिए स्थायी सुविधा मिल सके।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक भवन का निर्माण होने से समाज की बैठकें, सामाजिक कार्यक्रम, सामुदायिक गतिविधियां तथा अन्य आवश्यक आयोजन व्यवस्थित रूप से किए जा सकेंगे। उन्होंने राकेश यादव से समाज की मांग को शासन स्तर तक पहुंचाकर भवन निर्माण के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने में सहयोग करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला कुम्हार समाज के जिलाध्यक्ष श्रीराम चक्रधारी, बालोद ब्लॉक अध्यक्ष मनोज कुमार, कोषाध्यक्ष मनोहर चक्रधारी, सदस्य छगन साहू, छतेद्र चक्रधारी, मनोज चक्रधारी, अशोक चक्रधारी, तरुण चक्रधारी एवं मिलिंद चक्रधारी सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *