जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर गुरुवार को दरभंगा पहुंचे। यहां उन्होंने दरभंगा शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनाव में अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के नामांकन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने जन सुराज के प्रत्याशी एसपी राय और इम्तियाज नूरानी के समर्थन में वोट की अपील की और बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा।
प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर लोग बिहार की मौजूदा सरकार को बदलना चाहते हैं, तो उन्हें विधान परिषद चुनाव में एनडीए के प्रत्याशी को हराना चाहिए। पीके ने दावा किया कि ऐसा होने पर बीजेपी नेतृत्व को भी जनता के संदेश का पता चल जाएगा।
प्रशांत किशोर ने कहा कि दरभंगा क्षेत्र में बड़ी संख्या में विधायक एनडीए के हैं और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर वोट मिला है। उन्होंने कहा कि अगर इस क्षेत्र से एनडीए का एमएलसी हारता है और जन सुराज का प्रत्याशी जीतता है, तो पार्टी के नेता इस नतीजे पर चर्चा करने के लिए मजबूर होंगे।
पीके ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद जन सुराज काम करे या न करे, लेकिन चुना हुआ प्रतिनिधि जनता के सवालों से डरकर काम जरूर करेगा।
बिहार में बाढ़ के मुद्दे पर भी प्रशांत किशोर ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि गुजरात में बारिश होने पर देश का पूरा तंत्र सक्रिय हो जाता है, लेकिन बिहार में लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
प्रशांत किशोर ने इसके लिए सिर्फ नेताओं को जिम्मेदार ठहराने के बजाय जनता को भी जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि लोग लालू प्रसाद यादव के डर से बीजेपी को और बीजेपी के डर से लालू प्रसाद यादव को वोट देते रहे हैं। इसी वजह से बिहार की समस्याएं लगातार बनी हुई हैं।
शिक्षकों और स्नातकों को संबोधित करते हुए पीके ने कहा कि आप समाज के पढ़े-लिखे वर्ग से आते हैं और आपको कुछ हजार रुपये या मुफ्त राशन के नाम पर प्रभावित नहीं किया जा सकता।
उन्होंने दावा किया कि अगर जन सुराज का प्रत्याशी जीतता है, तो लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों को सातवें वेतनमान का लाभ दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह दोबारा वोट मांगने नहीं आएंगे।
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर में किए जा रहे कामों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां दी जा रही सुविधाएं दरभंगा के निर्वाचन क्षेत्र में भी उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को लेकर भी बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि अगर किसी के बच्चे पढ़े-लिखे हैं, तो उनका बायोडाटा जमा कराया जाए। जन सुराज की ओर से उन्हें प्राइवेट सेक्टर में रोजगार दिलाने में मदद की जाएगी।
दरभंगा में प्रशांत किशोर के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में विधान परिषद चुनाव को लेकर मुकाबला और बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

