Headlines

पेरू में भूकंप से कांपी धरती, 6.8 तीव्रता के झटके से कितना नुकसान?

दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में शुक्रवार शाम जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र कारहुआमायो से करीब 9 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में बताया गया है। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.7 मापी गई। भूकंप के झटके राजधानी लीमा तक महसूस किए गए, जिसके बाद लोगों में दहशत फैल गई और वे अपने घरों से बाहर निकल आए।

पेरू के जियोफिजिक्स इंस्टीट्यूट के मुताबिक, भूकंप एंडियन क्षेत्र के जुनिन में जमीन से करीब 129 किलोमीटर की गहराई पर आया। वहीं, जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने इसकी तीव्रता 6.8 बताई है। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता 6.7 दर्ज की गई। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं की है।

भूकंप के झटकों के बाद लीमा में लोग घबराकर सड़कों पर निकल आए। यहां तक कि संसद में मौजूद सांसदों को भी कांग्रेस भवन से बाहर आते देखा गया। कई दुकानों में मौजूद लोग भी अपनी जान बचाने के लिए बाहर आ गए। कुछ निजी स्वास्थ्य केंद्रों के मेडिकल स्टाफ ने भी किसी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सड़कों पर पहुंचकर सतर्कता दिखाई।

इस बीच राहत की बात यह है कि भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया है। अमेरिका के राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी कैलिफोर्निया, ओरेगन, वॉशिंगटन, ब्रिटिश कोलंबिया और अलास्का के लिए सुनामी का खतरा नहीं होने की पुष्टि की है।

स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, पुकाल्पा में भी कुछ सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। एक टीवी चैनल पर समाचार प्रसारण के दौरान भी कर्मचारी अचानक आए झटकों से घबरा गए। हालांकि, कुछ समय बाद शहर में स्थिति सामान्य हो गई।

गौरतलब है कि अल नीनो के प्रभाव को देखते हुए पेरू में पहले से ही अलर्ट जारी है। संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए देश में समय-समय पर मॉक ड्रिल भी आयोजित की जाती रही हैं। हाल ही में दो सप्ताह पहले जिरोन ज़वाला में भी ऐसा ही अभ्यास किया गया था। फिलहाल अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *