प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे तीनों राज्यों में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। अपने दौरे के दूसरे पड़ाव में पीएम मोदी बिहार के वैशाली पहुंचेंगे, जहां 34 हजार 470 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत पश्चिम बंगाल से करेंगे। सुबह करीब 9 बजकर 45 मिनट पर वे आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे। इस मौके पर वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे और संस्थान के 75 साल के सफर के प्रतीक के रूप में 75 छात्रों से संवाद करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री बिहार पहुंचेंगे। दोपहर करीब 1 बजकर 15 मिनट पर वे वैशाली में नीतीश सेतु का दौरा करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे लगभग 34 हजार 470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इन परियोजनाओं का संबंध सड़क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचे, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से है। सरकार के मुताबिक, इन योजनाओं का उद्देश्य बिहार में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और आम लोगों को बेहतर सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।
बिहार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के अंतिम पड़ाव में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। शाम करीब 5 बजकर 30 मिनट पर वे गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री ने अपने तीन राज्यों के दौरे की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की है। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक कार्यक्रम का विवरण भी पोस्ट किया है। इस दौरे में तीनों राज्यों में शिक्षा, बुनियादी ढांचे और कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान रहेगा।
