संदिग्ध आतंकियों के मॉड्यूल से पश्चिम यूपी के कई युवक जुड़े हुए हैं। हाल ही में हुईं गिरफ्तारियां इस बात का संकेत है कि उनका संबंध पाकिस्तान से है। संदिग्ध आतंकियों के मॉड्यूल से पश्चिम यूपी के कई युवक जुड़े हुए हैं। आरोपियों के पास से बरामद सुबूत व उनसे पूछताछ में शामली के युवकों के नाम सामने आए हैं। यह तथ्य सामने आने के बाद एटीएस शामली से छह युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आशंका है कि ये सभी सोशल मीडिया के जरिये इस मॉड्यूल व पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे। दरअसल, एटीएस ने लखनऊ में चारबाग रेलवे स्टेशन पर धमाका करने आए चार संदिग्ध आतंकियों को बीते दिनों गिरफ्तार किया था।
इसमें मेरठ के साकिब, अरबाब व गौतमबुद्धनगर के लोकेश व विकास शामिल थे। एटीएस इन सभी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में पश्चिम यूपी के एक दर्जन से अधिक युवकों का संपर्क मॉड्यूल से होने का खुलासा हुआ है। ये सब सोशल मीडिया के जरिये जुड़े थे। इनमें शामली के छह युवकों की अहम भूमिका का पता चलने पर एटीएस ने इन सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पूछताछ के बाद अगर पुख्ता तथ्य मिलते हैं और साक्ष्यों की तस्दीक हो जाती है तो इनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
पश्चिम यूपी के युवकों का संदिग्ध आतंकियों के मॉड्यूल से जुड़ाव, एटीएस ने छह को हिरासत में लिया

