युथ कांग्रेस के सक्रिय और मिलनसार नेता के रूप में उभरे अंकुश देवान
धरना-प्रदर्शन से लेकर चुनावी मोर्चे तक निभाई अग्रणी भूमिका, ब्लॉक युथ कांग्रेस अध्यक्ष पद की दावेदारी मजबूत
गुरूर। गुरूर क्षेत्र की राजनीति में युवा चेहरों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने वाले युवा कांग्रेस के शहर अध्यक्ष अंकुश ओजस्वी देवान इन दिनों ब्लॉक कांग्रेस संगठन में अपनी सक्रियता, जनसंपर्क और संगठनात्मक क्षमता के कारण चर्चा में हैं। सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और आम जनता के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले अंकुश देवान ने कम समय में युथ कांग्रेस के एक सक्रिय कार्यकर्ता से संगठन के महत्वपूर्ण पदाधिकारी तक का सफर तय किया है।
ओल्ड बस स्टैंड गुरूर निवासी अंकुश देवान का परिवार शुरू से ही कांग्रेस विचारधारा से जुड़ा रहा है। उनकी माता श्रीमती करुणा देवान नगर पंचायत गुरूर के वार्ड क्रमांक 4 की पार्षद रह चुकी हैं तथा लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। परिवार से मिले राजनीतिक संस्कारों ने अंकुश को भी जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी।
कॉलेज जीवन के दौरान वर्ष 2018 से ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रचार और युवाओं के बीच पार्टी की नीतियों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी थी। इसके बाद वर्ष 2021-22 में उन्होंने औपचारिक रूप से युवा कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर संगठनात्मक कार्यों में पूरी निष्ठा के साथ योगदान दिया। उनकी मेहनत और सक्रियता को देखते हुए वर्ष 2024 में उन्हें युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
हर आंदोलन और चुनाव में रहे अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता
अंकुश देवान ने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने युवा कांग्रेस टीम के साथ मिलकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और मतदाताओं तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने का कार्य किया। वहीं हाल ही में संपन्न नगर पंचायत गुरूर चुनाव में भी उन्होंने प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पार्टी के धरना-प्रदर्शन, जनआंदोलन, विरोध प्रदर्शन और विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय उपस्थिति लगातार देखने को मिलती रही है। कार्यकर्ताओं को संगठित करने और कार्यक्रमों को सफल बनाने में उनकी विशेष भूमिका रहती है।
सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से युवाओं को जोड़ रहे
राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ अंकुश देवान सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। गुरूर के हृदय स्थल बस स्टैंड में आयोजित होने वाला दही-हांडी महोत्सव उनके नेतृत्व में क्षेत्र का लोकप्रिय आयोजन बन चुका है। इसके अलावा क्रिकेट प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न खेल एवं युवा कार्यक्रमों के आयोजन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
मंच संचालन की उत्कृष्ट क्षमता के कारण वे विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों में प्रभावशाली मंच संचालन के लिए भी पहचाने जाते हैं। उनकी संवाद शैली और कार्यकर्ताओं से सहज जुड़ाव उन्हें युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाता है।
युवाओं को संगठित कर कांग्रेस को मजबूत बनाने का लक्ष्य
अंकुश देवान का कहना है कि उनका उद्देश्य युवाओं को सामाजिक और राजनीतिक रूप से जागरूक कर कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना है। वे जनसेवा को राजनीति का प्रमुख उद्देश्य मानते हैं और संगठन द्वारा सौंपे गए हर दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अपने राजनीतिक प्रेरणास्रोत के रूप में वे विधायक भैय्या राम सिन्हा एवं संगीता सिन्हा का नाम लेते हैं, जिनसे उन्हें संगठन, संघर्ष और जनसेवा की प्रेरणा मिलती है। संगठन में उनकी सक्रियता और जनाधार को देखते हुए गुरूर ब्लॉक युथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए उनकी दावेदारी को भी मजबूत माना जा रहा।

