अभिजीत दीपके ने वीडियो जारी कर बताया- टाइफाइड से पीड़ित हूं, लेकिन आंदोलन रहेगा जारी
दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है। इस बीच CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक वीडियो जारी कर अपनी तबीयत की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि वह टाइफाइड से पीड़ित हैं, लेकिन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर उनका आंदोलन जारी रहेगा।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। जांच रिपोर्ट में टाइफाइड की पुष्टि हुई है और उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें रोज सुबह-शाम आईवी (Intravenous) लगाई जा रही है।
दीपके ने कहा कि वह देशभर में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे सभी समर्थकों का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और लोगों के समर्थन से यह आंदोलन मजबूत हुआ है और जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
उन्होंने भरोसा जताया कि अगर आंदोलन इसी तरह शांतिपूर्ण तरीके से चलता रहा तो सरकार पर दबाव बनेगा और उनकी मांग पूरी होगी। इससे पहले भी जंतर-मंतर से उन्होंने कहा था कि छात्रों का आंदोलन शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक जारी रहेगा।
क्या होता है टाइफाइड?
टाइफाइड एक बैक्टीरियल संक्रमण है, जो साल्मोनेला टाइफी बैक्टीरिया के कारण होता है। यह आमतौर पर दूषित पानी पीने, संक्रमित भोजन खाने या बिना धोए फल-सब्जियों के सेवन से फैलता है। समय पर इलाज न मिलने पर यह गंभीर रूप ले सकता है।

