जंतर-मंतर प्रदर्शन के बीच मोहम्मद जुनैद के परिवार पर कार्रवाई का दावा, CJP ने यूपी पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच मोहम्मद जुनैद को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रदर्शनकारियों के लिए खाना और पानी उपलब्ध कराने वाले जुनैद के परिवार पर यूपी पुलिस की कार्रवाई का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि पुलिस ने जुनैद के घर पहुंचकर उनके पिता और नाबालिग भाई को हिरासत में लिया। वहीं मेरठ में उनकी बहन के ससुर और देवर को भी हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है।
इन आरोपों के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने यूपी पुलिस और सरकार पर निशाना साधा है। CJP का आरोप है कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय प्रदर्शन में मदद कर रहे वॉलंटियर मोहम्मद जुनैद और उनके परिवार को परेशान कर रही है।
CJP ने कहा कि उनकी टीम जुनैद और उनके परिवार के संपर्क में है। संगठन ने दावा किया कि किसी भी तरह की कथित उत्पीड़न की कार्रवाई को अदालत में चुनौती दी जाएगी।
जुनैद का दावा- परिवार को बनाया जा रहा निशाना
मोहम्मद जुनैद ने आरोप लगाया कि शाम के समय पुलिस उनके घर पहुंची और उनके पिता को अपने साथ ले गई। उन्होंने दावा किया कि मेरठ में रहने वाली उनकी बहन के ससुराल पक्ष के लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
जुनैद के मुताबिक, पुलिस ने परिवार के दस्तावेजों की भी जांच की और कहा कि अगर उन्हें (जुनैद को) पुलिस के सामने पेश किया जाता है तो परिवार के लोगों को छोड़ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह सिर्फ प्रदर्शनकारियों को भोजन-पानी उपलब्ध करा रहे थे।
20 जून से प्रदर्शनकारियों की सेवा में जुटे हैं जुनैद
बताया जा रहा है कि जंतर-मंतर पर 20 जून से शुरू हुए प्रदर्शन के बाद से ही जुनैद प्रदर्शनकारियों के लिए खाने और पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। उनका कहना है कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाना जरूरी है।
वहीं छात्र नेता दानिश अली ने भी सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि यूपी पुलिस ने जुनैद के घर और रिश्तेदारों के यहां कार्रवाई की है। उन्होंने इसे प्रदर्शनकारियों को दबाने की कोशिश बताया।
हालांकि, इन आरोपों पर यूपी पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

