Headlines

शादी के नाम पर ठगी का खुलासा, वाराणसी में 10 महिलाएं पकड़ी गईं

वाराणसी में फर्जी मैरिज ब्यूरो का खुलासा, शादी के नाम पर ठगी करने वाली 10 महिलाएं गिरफ्तार

अगर आप शादी के लिए किसी मैरिज ब्यूरो की मदद लेने की सोच रहे हैं तो सावधान हो जाइए। वाराणसी में एक ऐसे फर्जी मैरिज ब्यूरो का पर्दाफाश हुआ है, जो शादी कराने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन पैसे ठग रहा था। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने इस मामले में 10 महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, यह गैंग मैरिज ब्यूरो के नाम पर देशभर के लोगों को अपना निशाना बनाता था। शादी के इच्छुक परिवारों को आकर्षक रिश्ते दिखाकर उनसे संपर्क किया जाता था और फिर लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन के नाम पर पैसे वसूले जाते थे। रकम मिलने के बाद आरोपी पीड़ितों के नंबर ब्लॉक कर देते थे।

कॉल सेंटर की आड़ में चल रहा था ठगी का खेल

जानकारी के अनुसार, वाराणसी के अर्दली बाजार स्थित एक कॉलोनी में ‘शुभ मेट्रोमोनियल मैरिज ब्यूरो’ के नाम से एक कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था। यहां से शादी कराने के नाम पर लोगों को फोन किए जाते थे और विज्ञापनों के जरिए परिवारों को जोड़ने का झांसा दिया जाता था।

जैसे ही कोई परिवार शादी के लिए संपर्क करता, उसे बेहतर रिश्ते उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाकर फीस जमा करने के लिए कहा जाता था। पैसे मिलते ही आरोपी संपर्क तोड़ देते थे।

कई राज्यों के परिवार बने ठगी का शिकार

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने हरियाणा, राजस्थान, तेलंगाना, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के लोगों से शादी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है। पुलिस के अनुसार, अब तक करीब 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने छापेमारी कर 10 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *