हितेकसा के जंगल में नाले के बहते पानी में मिला अज्ञात महिला का शव
35 से 40 वर्ष की बताई जा रही उम्र, हाथों में चूड़ियां-अंगूठियां और पैरों में पायल; पहचान में जुटी गुरुर पुलिस

गुरुर। थाना गुरुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत हितेकसा के वनांचल क्षेत्र में गुरुवार 24 सितंबर को एक अज्ञात विवाहित महिला का शव नाले के बहते पानी में डूबे हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद गुरुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर महिला की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हितेकशा के जंगल क्षेत्र में स्थित एक छोटे डेम से निकलने वाले ओवरफ्लो नाले में महिला का शव मिला। स्थानीय स्तर पर पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में महिला की पहचान को लेकर जानकारी जुटाई गई, लेकिन प्रारंभिक जांच में महिला के आसपास के गांव की निवासी होने की जानकारी नहीं मिली है। इससे महिला के बाहर के क्षेत्र से यहां पहुंचने को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
महिला के शरीर पर आभूषण, कत्थई रंग का सूट
पुलिस द्वारा जारी हुलिये के अनुसार मृतका की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष है। उसने दोनों हाथों में चूड़ियां एवं अंगूठियां पहन रखी थीं। पैरों में चांदी की पायल तथा नाक में फुल्ली पहनी हुई थी। महिला ने कत्थई रंग का सूट पहन रखा था। पुलिस द्वारा आसपास के थाना एवं चौकी क्षेत्रों में महिला के संबंध में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
बाहर की महिला होने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल गुरुर से लगभग 8 से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बताया जा रहा है। बताया गया कि घटनास्थल वनांचल क्षेत्र में है और वहां सामान्य आवागमन भी सीमित है। स्थानीय जानकारी के अनुसार डेम से ओवरफ्लो होने वाला पानी लगभग एक से डेढ़ फीट की गहराई में लगातार बहता रहता है। ऐसे में महिला की मौत पानी में डूबने से हुई या किसी अन्य परिस्थिति में उसकी जान गई, यह जांच का विषय है।
महिला वहां तक कैसे पहुंची, वह अकेली थी या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था तथा उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने पहचान के लिए की अपील
गुरुर पुलिस ने आसपास के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों से अपील की है कि यदि किसी महिला के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज है और उसका हुलिया उक्त महिला से मिलता-जुलता है, तो तत्काल थाना गुरुर से संपर्क किया जाए। पुलिस द्वारा मृतका की पहचान स्थापित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

