पटना में महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकभवन मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई।
महागठबंधन का यह मार्च विधानसभा गोल चक्कर से शुरू हुआ था, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को करीब 300 मीटर आगे ही रोक दिया। इसके बाद तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी समेत कई नेताओं को हिरासत में लेकर पुलिस मौके से निकल गई।
महागठबंधन के नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने की कोशिश की जा रही है। आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है और इसी के खिलाफ महागठबंधन आंदोलन कर रहा है।
वहीं, आरजेडी नेता भाई वीरेंद्र ने कहा कि सरकार और पुलिस की कार्रवाई से आंदोलन रुकने वाला नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें कोई भी पुलिस नहीं रोक पाएगी।
पटना के साथ-साथ बिहार के जिला मुख्यालयों में भी महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। विपक्षी दलों के नेता राज्यपाल से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने की तैयारी में हैं।

