Headlines

राहुल गांधी का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च, CEC के खिलाफ दाखिल की गई याचिका

इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई बड़े नेता सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च करते नजर आए। इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए।

अखिलेश यादव ने कहा कि अगर बीजेपी सत्ता में बनी रहती है, तो वह लोकतंत्र को खत्म कर देगी। उन्होंने बीजेपी को देश के सामने सबसे बड़ा संकट बताते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के जरिए वोटों की चोरी की जा रही है। अखिलेश ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग में बदलाव होने और चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष होने पर बीजेपी दोबारा सत्ता में नहीं आ पाएगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को हटाने की प्रक्रिया में कहीं ऐसा न हो कि बीजेपी भी उनके साथ डूब जाए।

इस मार्च में राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए। इस दौरान नेताओं को गाड़ी के ऊपर खड़े होकर कार्यकर्ताओं के बीच अपनी बात रखते हुए देखा गया।

प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो लोग कमजोर होते हैं, वे पुलिस को आगे करते हैं। उनके मुताबिक, गलतियों को छिपाने के लिए पुलिस बल का सहारा लिया जा रहा है।

वहीं, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि धरना-प्रदर्शन के अधिकार को खत्म नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अगर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन नहीं होगा, तो जहां भी लोग धरना देंगे, वही जगह जंतर-मंतर बन जाएगी।

इधर, राहुल गांधी जब बस से उतरकर सुप्रीम कोर्ट की ओर बढ़े, तो वहां मौजूद कार्यकर्ता उनके साथ सेल्फी लेने के लिए आगे आने लगे। इस दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में तैनात कर्मी कार्यकर्ताओं को उनसे दूर करते हुए दिखाई दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *