रवि किशन की अखिलेश यादव को चुनौती, बोले- ‘महाराज जी के सामने चुनाव लड़कर दिखाएं’
उत्तर प्रदेश में अयोध्या से चुनाव लड़ने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अब बीजेपी सांसद रवि किशन ने भी इस मुद्दे पर अखिलेश यादव को घेरा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने चुनाव लड़ना चाहिए।
गोरखपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान रवि किशन ने कहा कि अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमें लगता है कि अखिलेश यादव को महाराज जी के सामने एक चुनाव लड़ना चाहिए।” रवि किशन के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव की चुनौती स्वीकार कर ली है और अब उन्हें भी आमने-सामने मुकाबले के लिए तैयार होना चाहिए।
अयोध्या से शुरू हुई सियासी चुनौती
दरअसल, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव अयोध्या में पूर्व विधायक पवन पांडेय के आवास पर आयोजित एक धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। इसके बाद यूपी की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई।
अखिलेश यादव ने बाद में इस चुनौती पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनके सामने समाजवादी पार्टी के पीडीए का एक प्रहरी ही काफी है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पलटवार करते हुए अखिलेश यादव को भी अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दे दी।
इसके बाद बीजेपी नेताओं ने सपा प्रमुख पर हमले तेज कर दिए हैं। रवि किशन से पहले कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी अखिलेश यादव को चुनौती दे चुके हैं। राजभर ने कहा था कि अगर अखिलेश अयोध्या से चुनाव नहीं लड़ना चाहते, तो उनके सामने जहूराबाद से चुनाव लड़कर दिखाएं। अब देखना होगा कि अयोध्या से शुरू हुई यह सियासी चुनौती आगे क्या नया मोड़ लेती है।

