Headlines

निशांत के मामले पर विजय चौधरी ने तोड़ी चुप्पी!

निशांत कुमार को धक्का देने पर विजय चौधरी का बड़ा बयान, बोले- बात का बतंगड़ न बनाएं

बिहार की सियासत में इन दिनों स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को धक्का दिए जाने का मामला चर्चा में बना हुआ है। इस विवाद पर अब जेडीयू के वरिष्ठ नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने पूरे मामले को ज्यादा तूल नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि इस घटना को गलत नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।

दरअसल, गुरुवार (19 नवंबर 2026) को विजय कुमार चौधरी बिहारशरीफ पहुंचे थे। यहां उन्होंने जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में सांसदों और जिले के कई विधायकों ने भी शिरकत की। बैठक समाप्त होने के बाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने उनसे निशांत कुमार को धक्का दिए जाने को लेकर सवाल पूछा।

इस पर विजय चौधरी ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं हुई है। वह भी उस समय मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ नहीं देखा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री खुद अपने साथ लोगों को लेकर चलते हैं, तो सुरक्षाकर्मी किसी को जानबूझकर धक्का कैसे दे सकते हैं?

‘इस बात का बतंगड़ नहीं बनाया जाना चाहिए’

विजय कुमार चौधरी ने आगे सफाई देते हुए कहा कि अगर ऐसी कोई घटना हुई भी है, तो इसके पीछे सुरक्षाकर्मी की कोई गलत मंशा नहीं रही होगी। उन्होंने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के साथ चलते समय कई बार सुरक्षाकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में इतने व्यस्त रहते हैं कि पीछे मुड़कर नहीं देख पाते। ऐसे में अनजाने में उन्हें भी धक्का लग जाता है। इसलिए इस घटना को गलत तरीके से नहीं देखा जाना चाहिए।

अशोक चौधरी ने भी किया सुरक्षाकर्मी का बचाव

वहीं, इस पूरे विवाद पर बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू नेता अशोक चौधरी ने भी सुरक्षाकर्मी का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार पीछे की तरफ से आए थे, इसलिए सुरक्षाकर्मी उन्हें देख नहीं पाए। उनके मुताबिक, सुरक्षाकर्मी की मंशा गलत नहीं थी।

हालांकि, इस मामले को लेकर जेडीयू के भीतर भी आवाजें उठ रही हैं। पार्टी नेता नीरज कुमार और अभिषेक झा ने मामले को गंभीरता से लेने और जरूरी कार्रवाई करने की मांग की है। ऐसे में अब देखना होगा कि निशांत कुमार से जुड़े इस विवाद पर आगे क्या राजनीतिक घटनाक्रम सामने आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *