अबान अहमद को आज सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा, भाई अली और उमर ने मांगी पैरोल
प्रयागराज में अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद का अंतिम संस्कार आज कसारी मसारी कब्रिस्तान में किया जाएगा। जनाजे को देखते हुए कब्रिस्तान और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद उसके दोनों भाई अली अहमद और मोहम्मद उमर ने जनाजे में शामिल होने के लिए पैरोल की मांग की है। अली झांसी जेल में बंद है, जबकि उमर लखनऊ जेल में निरुद्ध है। दोनों की ओर से पैरोल के लिए अदालत में अर्जी दाखिल की गई है, जिस पर आज दोपहर तक सुनवाई होने की संभावना है।
परिवार से जुड़े लोगों के मुताबिक, अबान को शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। जनाजे में उसकी मां शाइस्ता परवीन, अशरफ अहमद की पत्नी जैनब फातिमा और अतीक अहमद की बहन आयशा नूरी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
सड़क हादसे में गई थी जान
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अरविंद कुमार के अनुसार, अबान अहमद अपने कुछ साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने जा रहा था। इसी दौरान पुंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उसकी एसयूवी कार तेज रफ्तार में बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।
हादसे की सूचना पुलिस को सुबह करीब 10:30 बजे मिली। इस दुर्घटना में 21 वर्षीय अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू (25) की मौत हो गई, जबकि आजम, मोहम्मद जावेद और उमर घायल हो गए। सभी घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने जनाजे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

