Headlines

प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम को सशर्त अनुमति, पहले रद्द हुई थी इजाजत

प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम को मिली मंजूरी, केपी ट्रस्ट ने शर्तों के साथ दी अनुमति

पहले रद्द हुई थी इजाजत, अब जिला प्रशासन की अनुमति के आधार पर केपी ग्राउंड में 8 अगस्त को होगा छात्रों से संवाद

प्रयागराज में 8 अगस्त को प्रस्तावित लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम का रास्ता साफ हो गया है। केपी ट्रस्ट ने पहले निरस्त की गई अनुमति को वापस लेते हुए शर्तों के साथ दोबारा केपी ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित करने की मंजूरी दे दी है।

राहुल गांधी का यह कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ नाम से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें वह छात्रों से संवाद करेंगे। इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए केपी ट्रस्ट ने कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी, जिसके बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक विवाद भी बढ़ गया था।

जिला प्रशासन की अनुमति के आधार पर मिली इजाजत

केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन से प्राप्त अनुमति के आधार पर कांग्रेस को दोबारा कार्यक्रम आयोजित करने की इजाजत दी गई है। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि कांग्रेस पार्टी निर्धारित शर्तों का पालन करते हुए कार्यक्रम कर सकती है।

कांग्रेस ने सुरक्षा और कोर्ट के आदेशों के पालन का दिया आश्वासन

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केपी ट्रस्ट को लिखित आश्वासन दिया है कि कार्यक्रम के दौरान खेल मैदान और ट्रस्ट परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मैदान के केवल उसी हिस्से का उपयोग किया जाएगा, जिससे छात्रों की खेल गतिविधियों में कोई बाधा न आए।

अजय राय ने यह भी भरोसा दिलाया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट या किसी अन्य न्यायालय के आदेशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। स्कूल परिसर का किसी भी रूप में उपयोग नहीं होगा और यदि खेल मैदान को किसी प्रकार का नुकसान होता है तो उसकी भरपाई की जाएगी।

व्यावसायिक कार्यक्रम नहीं, मुआवजे की मांग भी वापस

कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि छात्रों से संवाद का यह कार्यक्रम पूरी तरह गैर-व्यावसायिक है और इससे हाईकोर्ट के 14 अगस्त 2025 के आदेश का उल्लंघन नहीं होगा। अनुमति दोबारा मिलने के बाद कांग्रेस ने ट्रस्ट से मुआवजे की मांग वाला अपना पत्र भी वापस ले लिया है।

गौरतलब है कि अनुमति रद्द होने के बाद कांग्रेस ने इसके पीछे सरकारी दबाव का आरोप लगाया था। अजय राय ने दावा किया था कि राहुल गांधी का कार्यक्रम हर हाल में आयोजित किया जाएगा। अब ट्रस्ट से मंजूरी मिलने के बाद 8 अगस्त को केपी ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित होने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *