Headlines

दिल्ली हेल्थ स्कैम में ED की बड़ी कार्रवाई

दिल्ली हेल्थ स्कैम: 600 करोड़ की जांच तेज, ED ने मांगे खरीद से जुड़े दस्तावेज

दिल्ली में कथित 600 करोड़ रुपये के हेल्थ स्कैम की जांच अब तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर स्वास्थ्य विभाग से मेडिकल उपकरणों और सामानों की खरीद से जुड़े सभी दस्तावेज मांगे हैं।

ED ने टेंडर प्रक्रिया, कंपनियों के चयन, मेडिकल सामान की सप्लाई, गुणवत्ता जांच और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड तलब किए हैं। जांच के दायरे में पोर्टेबल एक्स-रे मशीन, सी-आर्म मशीन, एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन, सर्जिकल सामान, ग्लव्स, दवाइयां और अन्य स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद शामिल है।

जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि खरीद प्रक्रिया में किसी तरह की अनियमितता, ओवर-इनवॉइसिंग या मनी लॉन्ड्रिंग हुई है या नहीं। इस मामले में अब तक 20 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।

कई अधिकारियों की भूमिका जांच के घेरे में

इस मामले में तत्कालीन DGHS डॉ. वत्सला अग्रवाल और उप नियंत्रक लेखा नीरज चोपड़ा के खिलाफ FIR दर्ज हो चुकी है। वहीं, CPA के पूर्व प्रमुख डॉ. विनोद कुमार रंगा की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। अब जांच एजेंसियां सभी संबंधित अधिकारियों और कंपनियों की भूमिका की जांच कर रही हैं।

सौरभ भारद्वाज ने लगाया फाइल गायब होने का आरोप

दिल्ली सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने मामले से जुड़ी फाइल गायब होने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इस मुद्दे को उठाया है।

वहीं, इस मामले की जांच पहले से एसीबी और विजिलेंस विभाग भी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सिफारिश के बाद दो और डॉक्टरों के खिलाफ FIR दर्ज करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई है।

ED अब मेडिकल खरीद में हुए भुगतान, कंपनियों के वित्तीय लेन-देन और सप्लाई रिकॉर्ड की जांच कर रही है। एजेंसी को शक है कि इस पूरी प्रक्रिया में बड़े स्तर पर वित्तीय गड़बड़ी हुई हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *