Headlines

INDIA अलायंस के लंच में शामिल होगी सपा? अखिलेश के अयोध्या दौरे के बीच बढ़ी चर्चा

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया अलायंस का विरोध प्रदर्शन जारी है. इसी बीच समाजवादी पार्टी आज कांग्रेस की लंच डिप्लोमेसी में शामिल होगी. सपा की ओर से घोसी लोकसभा सीट से सांसद राजीव राय इस बैठक में हिस्सा लेंगे.

खास बात यह है कि आज ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव अयोध्या दौरे पर रहेंगे. ऐसे में दिल्ली में होने वाली इंडिया अलायंस की बैठक और सपा की मौजूदगी पर सबकी नजर रहेगी.

इंडिया अलायंस का लंच आज दोपहर करीब 1 बजकर 45 मिनट पर होगा. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लगातार दूसरे दिन विपक्षी गठबंधन के नेताओं के लिए लंच का आयोजन कर रहे हैं. यह भोज दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्तरां में रखा गया है.

सूत्रों के मुताबिक, लंच के दौरान विपक्षी दलों के नेता निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दे पर आगे की रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं. इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किए जाने की संभावना है.

इससे पहले बुधवार को भी विपक्षी सांसदों ने लंच के बाद प्रदर्शन का रुख किया था. सागर रत्ना रेस्तरां में भोज के बाद नेता तीन बसों में सवार होकर जंतर-मंतर के लिए निकले थे. हालांकि, पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया था.

इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई नेताओं को हिरासत में लिया गया था. बाद में सभी को रिहा कर दिया गया.

अब आज होने वाली लंच डिप्लोमेसी में कौन-कौन से मुद्दे उठते हैं और इंडिया अलायंस आगे की क्या रणनीति तय करता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *