Headlines

SCO समिट के लिए PM मोदी को पाकिस्तान का न्योता? इस्लामाबाद में हलचल तेज

साल 2027 में पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO शिखर सम्मेलन को लेकर बड़ा राजनीतिक और कूटनीतिक सस्पेंस बना हुआ है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सम्मेलन में हिस्सा लेने पाकिस्तान जाएंगे? इस बीच पाकिस्तान ने भारत को लेकर अहम संकेत दिए हैं।पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा है कि SCO शिखर सम्मेलन में संगठन के सभी सदस्य देशों को आमंत्रित किया जाएगा। इसमें सभी सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष शामिल होंगे। इसका मतलब है कि भारत को भी औपचारिक निमंत्रण भेजा जाएगा।

अंद्राबी ने कहा कि SCO के प्रोटोकॉल के तहत मेजबान देश का दायित्व है कि वह सभी सदस्य देशों को आमंत्रित करे। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मेलन में शामिल होंगे या नहीं।

इस दौरान उनसे मनीला में ASEAN बैठकों के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तान के विदेश मंत्री के बीच संभावित मुलाकात को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर पाकिस्तानी प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें भारत की ओर से ऐसी किसी बैठक की जानकारी नहीं है।

बता दें कि 2027 का SCO शिखर सम्मेलन पाकिस्तान में आयोजित होना प्रस्तावित है। यह संगठन क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा, स्थिरता और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से काम करता है। SCO में भारत, पाकिस्तान, चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, ईरान और बेलारूस सदस्य देश हैं।

अब सबकी नजर इस बात पर है कि भारत इस निमंत्रण पर क्या फैसला लेता है और क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस्लामाबाद जाकर SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *