इजरायल में सत्ता की नई चाल! नेतन्याहू ने चला यूनिटी गवर्नमेंट का दांव, सभी दलों को दिया साथ आने का न्योता
इजरायल की राजनीति में सरकार गठन को लेकर हलचल तेज हो गई है। निवर्तमान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अब सत्ता में अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए नई रणनीति पर काम कर रहे हैं। उन्होंने जायोनी और हारेदी पार्टियों को साथ लाकर यूनिटी गवर्नमेंट बनाने की संभावना जताई है। नेतन्याहू का कहना है कि देश के सामने मौजूद चुनौतियों से निपटने के लिए सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होना जरूरी है।
द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू ने अपने कार्यालय से जारी वीडियो संदेश में कहा कि वह किसी भी पार्टी को गठबंधन से बाहर रखने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी दल को दूसरे दलों को बाहर रखने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
नेतन्याहू ने लिकुड को दी गठबंधन बनाने की जिम्मेदारी
नेतन्याहू ने कहा कि देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने के नाते लिकुड को सरकार बनाने की पहल करनी चाहिए। उनकी कोशिश है कि राष्ट्रीय खेमे की सभी पार्टियां एक मंच पर आएं और मिलकर सरकार बनाएं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो भी पार्टी इस प्रस्ताव पर बातचीत के लिए तैयार है, उसके साथ बिना देरी के चर्चा शुरू की जा सकती है।
आइजेनकोट को मिला 67 सांसदों का समर्थन
दरअसल, इजरायल में सरकार गठन की प्रक्रिया के बीच आइजेनकोट ने भी अपनी दावेदारी मजबूत की है। राष्ट्रपति इसाक हर्जोग के निर्देश पर उन्होंने सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें 67 सांसदों का समर्थन मिला है, जबकि नेतन्याहू के नेतृत्व वाले लिकुड गठबंधन को 46 सांसदों का समर्थन प्राप्त हुआ है।
आइजेनकोट के पास सरकार बनाने के लिए 28 दिन का समय है। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रपति इस समय-सीमा को 14 दिन और बढ़ा सकते हैं।
चुनाव में किसी भी गठबंधन को नहीं मिला बहुमत
27 अक्टूबर को हुए इजरायली चुनाव में किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। इजरायल की 120 सदस्यीय संसद यानी नेसेट में सरकार बनाने के लिए कम से कम 61 सीटों की जरूरत होती है।
चुनाव में लिकुड 27 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि यशार पार्टी को 21 सीटें मिलीं। नफ्ताली बेनेट की सेंटर-राइट पार्टी टुगेदर ने 12 सीटें हासिल कीं, वहीं यायर लैपिड के नेतृत्व वाले डेमोक्रेट्स को 8 सीटें मिलीं।
इसके अलावा यिसराएल बेतेनु, ओत्ज़मा येहुदित और यूनाइटेड तोराह जुडाइज़्म को 7-7 सीटें मिलीं। वहीं शस और रिलिजियस जायोनिज्म पार्टी-जेहुत सूची को 6-6 सीटें हासिल हुईं।
अब इजरायल की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या नेतन्याहू सभी दलों को एक मंच पर लाकर सत्ता में वापसी कर पाएंगे या आइजेनकोट की दावेदारी सरकार गठन की दिशा बदल देगी?
