राजनांदगांव । गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर खुज्जी विधायक भोलाराम साहू पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भूपेश बघेल के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं तथा विधि-विधान से गोवर्धन भगवान की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर विधायक भोलाराम साहू ने कहा कि गोवर्धन पूजा छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ा पर्व है। यह पर्व प्रकृति, पशुधन और कृषि संस्कृति के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का संदेश देता है। ऐसे पारंपरिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को भी मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सभी ने एक-दूसरे को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं।
