Headlines

छठ पूजा पर पटाखों की नो एंट्री! घाटों पर सुरक्षा सख्त

Chhath Puja 2026: छठ घाटों पर पटाखों और नावों पर लगा प्रतिबंध, सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

बिहार में छठ महापर्व 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चार दिवसीय छठ पूजा इस साल 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाई जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने और घाटों पर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन की ओर से पूजा घाटों और जलाशयों के आसपास पटाखों की बिक्री और उन्हें फोड़ने पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य तक निजी नावों के परिचालन पर भी रोक रहेगी।

खतरनाक घाटों पर होगी बैरिकेडिंग

आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को खतरनाक नदी घाटों और तालाबों की पहचान कर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया है। ऐसे घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालु गहरे और खतरनाक पानी में जाने से बच सकें।

प्रमुख घाटों पर तैनात रहेंगी मेडिकल टीमें

छठ के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख घाटों पर डॉक्टरों और पैरामेडिकल टीमों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही जरूरत के मुताबिक एंबुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी और स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे।

गोताखोरों और मोटरबोट की भी रहेगी व्यवस्था

नदी घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों, तैराकों और मोटरबोट चालकों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। इनके पास लाइफ जैकेट, इन्फ्लैटेबल मोटरबोट और उपलब्धता के अनुसार देसी नावें भी रहेंगी। घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया है।

24 घंटे सक्रिय रहेंगे जिला कंट्रोल रूम

प्रशासन ने सभी जिलों में कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया है। लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार जरूरी सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी। वहीं, बिजली से होने वाले हादसों को रोकने के लिए घाटों पर लगे बिजली के उपकरणों और तारों की पहले से जांच की जाएगी।

प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *