रूपेंद्र साहू
राजनांदगांव। जिला साहू संघ राजनांदगांव द्वारा 22 नवंबर 2026, रविवार को राज्य स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष नोबल साहू के जन्मदिन के शुभ अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर जिला साहू सदन, बसंतपुर, राजनांदगांव में सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा।
इस अवसर पर जिला साहू संघ के अध्यक्ष नोबल साहू ने समाज के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविर में शामिल होकर रक्तदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। आपके द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता निभानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से हेलमेट और कॉलेज बैग प्रदान किए जाएंगे। यह पहल युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना को बढ़ावा देने का प्रयास है।
वहीं मां कर्मा रक्तवीर क्लब के संरक्षक मदन लाल साहू ने भी युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों से रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्त की जरूरत कभी भी किसी को पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान ही जरूरतमंदों की मदद का सबसे बड़ा माध्यम है।
जिला साहू संघ ने सभी समाजजनों एवं नगरवासियों से 22 नवंबर को जिला साहू सदन, बसंतपुर पहुंचकर रक्तदान शिविर को सफल बनाने तथा मानव सेवा के इस पुनीत अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
