पहलगाम आतंकी हमले को लेकर एक नया खुलासा सामने आया है। जांच के दौरान आतंकियों के पास से अमेरिका में बना GoPro कैमरा बरामद हुआ था। अब इस कैमरे की सप्लाई चेन को लेकर भारत की जांच एजेंसियां पड़ताल कर रही हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अमेरिका में बना यह कैमरा चीन के रास्ते लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों तक कैसे पहुंचा?
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि भारत ने इस कैमरे से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए चीन से संपर्क किया था, लेकिन अभी तक बीजिंग की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। हालांकि, जांचकर्ताओं के हाथ कुछ फोरेंसिक सबूत जरूर लगे हैं।
जांच के दौरान NIA ने कैमरे के निर्माता अमेरिकी कंपनी GoPro Inc. से संपर्क किया था। कंपनी ने एजेंसी को बताया कि बरामद कैमरा सबसे पहले चीन के एक अधिकृत कमर्शियल डिस्ट्रीब्यूटर को बेचा गया था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि चीनी डिस्ट्रीब्यूटर से यह कैमरा आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा तक कैसे पहुंचा। जांच में इस संभावना को भी खंगाला जा रहा है कि कहीं पाकिस्तान की सेना ने तो यह उपकरण नहीं खरीदा था और बाद में इसे आतंकियों तक पहुंचाया गया। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
भारत और चीन के बीच म्यूचुअल लीगल असिस्टेंस ट्रीटी (MLAT) नहीं होने के कारण जांच एजेंसियों को ऐसी जानकारी हासिल करने के लिए राजनयिक माध्यमों का सहारा लेना पड़ता है। यह कैमरा जुलाई 2025 में दाचीगाम के जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों के पास से बरामद हुआ था। गौरतलब है कि ये वही आतंकी थे, जिनका संबंध 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसारन में हुए पर्यटकों के नरसंहार से जोड़ा गया है।
जांचकर्ताओं को आशंका है कि आतंकी संगठन हमलों की रिकॉर्डिंग के लिए बॉडी-वॉर्न और टैक्टिकल कैमरों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन वीडियो के जरिए आतंकवादी प्रचार और मनोवैज्ञानिक युद्ध को बढ़ावा दे सकते हैं।
जांच में सिर्फ GoPro कैमरा ही नहीं, बल्कि हथियारों की सप्लाई को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, बैसारन हमले की जगह से बरामद कम से कम दो AK-47 राइफलें और दाचीगाम मुठभेड़ में मिली एक अन्य राइफल चीनी मूल की थीं। जांच एजेंसियों का मानना है कि हमले के बाद तीनों आतंकियों ने जंगलों के रास्ते भागने के लिए किसी वाहन का इस्तेमाल किया होगा। सुरक्षा बलों को हमले की गंभीरता का पूरी तरह अंदाजा लगने से पहले आतंकियों के पास करीब 40 मिनट का समय था।
इस मामले में NIA लश्कर-ए-तैयबा और छह आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इनमें मुठभेड़ में मारे गए तीन आतंकी फैसल जट्ट उर्फ सुलेमान, हबीब ताहिर उर्फ छोटू और हम्जा अफगानी शामिल हैं। इसके अलावा लश्कर के कथित कमांडर साजिद जट्ट उर्फ साजिद जुट्ट और दो स्थानीय निवासी बशीर अहमद जोथाटड तथा परवेज अहमद के नाम भी चार्जशीट में शामिल हैं। आरोप है कि दोनों स्थानीय निवासियों ने हमले से पहले आतंकियों को खाना और पनाह मुहैया कराई थी।
फिलहाल जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि चीन में अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर तक पहुंचा अमेरिकी कैमरा आखिर आतंकियों के हाथों में कैसे पहुंचा? चीन की ओर से जवाब मिलने के बाद इस अंतरराष्ट्रीय सप्लाई नेटवर्क की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं।
