Headlines

जोशीमठ में बड़ा हादसा, हेलिकॉप्टर क्रैश में 6 की मौत!

जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसा: सभी 6 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

उत्तराखंड के जोशीमठ के पास हुए भीषण हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की जान चली गई। पुलिस, एसडीआरएफ और सेना की संयुक्त टीमों ने घटनास्थल से सभी छह शव बरामद कर लिए हैं। फिलहाल दुर्गम पहाड़ी इलाके से शवों को सड़क मार्ग तक पहुंचाने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

हादसे को लेकर आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने जानकारी दी कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे चमोली जिला आपदा प्रबंधन विभाग को दुर्घटना की सूचना मिली थी। ट्रांस भारत कंपनी का सिविल हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड की ओर जा रहा था। हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट सवार थे।

इसी दौरान सेना के सिग्नल सेंटर की टीम ने इलाके में हेलीकॉप्टर से धुआं निकलते और उसे तेजी से नीचे की ओर गिरते हुए देखा। इसके बाद तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।

वहीं, हादसे के बाद प्रशासन ने मेडिकल टीमों और स्वास्थ्य सुविधाओं को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर घायलों को तत्काल उपचार मिल सके। सचिव विनोद कुमार सुमन के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और उनके निर्देश पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं।

दूसरी ओर, हेलीकॉप्टर दुर्घटना की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। सहस्त्रधारा हेलीपैड पर एक एविएशन अधिकारी ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

सीईओ प्रतीक जैन के मुताबिक उड़ान के समय मौसम की स्थिति की जांच की जाती है। हालांकि हादसे के पीछे खराब मौसम, हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी या पायलट की चूक जैसे तमाम पहलुओं की जांच की जाएगी। पूरी जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *