भारत में जल्द आएंगे 1000 नए विमान! पीयूष गोयल ने बताया सरकार का बड़ा प्लान
भारत में हवाई सफर करने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच अब देश में विमानों की कमी एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। इसी समस्या को देखते हुए केंद्र सरकार विमान कंपनियों से लगातार बातचीत कर रही है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इसको लेकर बड़ा बयान दिया है।
पीयूष गोयल ने सोमवार, 16 नवंबर को बताया कि भारत को आने वाले समय में बड़ी संख्या में नए विमानों की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि देश पहले ही 1200 विमानों का ऑर्डर दे चुका है, लेकिन बढ़ती मांग को देखते हुए भारत को कुल करीब 2000 विमानों की आवश्यकता है।
एयरबस और बोइंग से चल रही बातचीत
पीयूष गोयल के मुताबिक, सरकार विमान बनाने वाली प्रमुख कंपनियों एयरबस और बोइंग के संपर्क में है। कंपनियों से विमानों की डिलीवरी जल्द करने का अनुरोध किया गया है, ताकि भारतीय एयरलाइंस अपनी जरूरत के मुताबिक नई उड़ानें शुरू कर सकें।
दरअसल, विमानों की कमी के चलते एयरलाइंस के लिए नए रूट शुरू करना और अपने नेटवर्क का विस्तार करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में नए विमानों की उपलब्धता विमानन क्षेत्र के विकास के लिए काफी अहम मानी जा रही है।
भारत और इजिप्ट के बीच हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी
इजिप्ट दौरे पर पहुंचे पीयूष गोयल ने भारत और इजिप्ट के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच हवाई यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी जरूरी है।
विमानों की संख्या बढ़ने से न केवल घरेलू उड़ानों का विस्तार होगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय रूट पर भी नई संभावनाएं खुलेंगी। ऐसे में आने वाले समय में भारत का विमानन क्षेत्र और तेजी से आगे बढ़ सकता है।
