Headlines

राहुल गांधी ने बताया सोनिया-राजीव गांधी के प्यार का दिलचस्प किस्सा

राहुल गांधी ने सुनाया माता-पिता के प्यार का भावुक किस्सा, बोले- पापा की गोद में बैठती थीं मां

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन समारोह में अपने माता-पिता के रिश्ते से जुड़ी एक दिल छू लेने वाली याद साझा की। नई दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने बताया कि उनके पिता राजीव गांधी और मां सोनिया गांधी के बीच कितना गहरा प्रेम था।

राहुल गांधी ने बचपन का एक दिलचस्प किस्सा सुनाते हुए कहा कि जब भी परिवार साथ बैठकर खाना खाता था, उनकी मां सोनिया गांधी पिता राजीव गांधी की गोद में बैठा करती थीं। बचपन में उन्हें यह बिल्कुल सामान्य लगता था। यहां तक कि एक बार उन्होंने अपने दोस्त से पूछ लिया था कि तुम्हारी मां तुम्हारे पापा की गोद में क्यों नहीं बैठती हैं?

किताब में दिखेगा सोनिया गांधी का पुराना अंदाज

राहुल गांधी ने अपनी मां की किताब का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें पाठकों को सोनिया गांधी का वह पुराना और खुशमिजाज अंदाज देखने को मिलेगा, जो राजीव गांधी के निधन से पहले हुआ करता था। उन्होंने बताया कि उनकी मां पहले बेहद हंसमुख थीं, मस्ती करती थीं और जिंदगी को खुलकर जीती थीं। लेकिन पिता राजीव गांधी की हत्या के बाद उनकी जिंदगी और व्यक्तित्व में बड़ा बदलाव आया।

इंदिरा और राजीव गांधी की हत्या को याद कर भावुक हुए राहुल

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने अपने परिवार पर हुए दो बड़े हमलों को भी याद किया। उन्होंने दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या का जिक्र करते हुए बताया कि किस तरह परिवार ने अपने दो बड़े सहारे खो दिए।

राहुल गांधी ने भावुक होते हुए कहा कि पहले उन्होंने अपने एक सहारे को गोलियां लगते देखा और फिर अपने सबसे बड़े सहारे को टुकड़े-टुकड़े होते देखा। उनका इशारा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या और राजीव गांधी की बम धमाके में हुई हत्या की ओर था।

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के मौके पर राहुल गांधी द्वारा साझा किए गए इन निजी और भावुक पलों ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *