रूपेंद्र साहू संवाददाता राजनांदगांव
राजनांदगांव जिले। खुज्जी विधानसभा के अंतर्गत ग्राम पतोरा मे । भाई दूज के पावन अवसर पर ग्राम पतोरा में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित पारंपरिक सांसद ट्रॉफी कबड्डी प्रतियोगिता का तीन दिवसीय आयोजन खेल उत्साह, उमंग और खेल भावना के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। लगभग 70 वर्षों से निरंतर चली आ रही इस ऐतिहासिक खेल परंपरा ने एक बार फिर क्षेत्र में ग्रामीण खेल संस्कृति, आपसी एकता और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल पेश की। प्रतियोगिता में क्षेत्र सहित दूर-दराज के गांवों से पहुंची कबड्डी टीमों ने अपने दमखम, कौशल और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
ग्राम पतोरा की पहचान बन चुकी इस पारंपरिक प्रतियोगिता में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में कबड्डी की श्रेष्ठ टीमें हिस्सा लेती हैं। इस वर्ष भी तीन दिनों तक चले मुकाबलों में प्रतिदिन लगभग 15 टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान हजारों की संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और खेलप्रेमियों की उपस्थिति रही। मैदान में खिलाड़ियों के शानदार दांव-पेंच, दमदार रेड और रक्षात्मक खेल ने दर्शकों को रोमांचित किया। दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
फाइनल में खैरागढ़ ने देवगहन को चार अंकों से हराया
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खैरागढ़ और देवगहन की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया और मैदान में रोमांचक खेल का प्रदर्शन किया। कड़े संघर्ष के बाद खैरागढ़ की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए देवगहन को चार अंकों से पराजित कर प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं देवगहन की टीम द्वितीय स्थान पर रही। इसके अलावा करमरी की टीम ने तृतीय तथा कापा की टीम ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों एवं आयोजन समिति द्वारा बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।
समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
प्रतियोगिता के समापन समारोह में विपणन संघ अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दिनेश गांधी, जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती गीता घासी साहू, छुरिया जनपद पंचायत अध्यक्ष संजय सिन्हा तथा भाजपा छुरिया मंडल अध्यक्ष कांता साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंतिम दिवस के आयोजन में जिला पंचायत सदस्य गोपाल सिंह भूआर्य, घासी राम साहू, रमेश सोनवानी, ग्राम पंचायत करमरी सरपंच दीनदयाल साहू, जनपद सदस्य राधेलाल जोशी, ग्राम पंचायत महरूम के सरपंच एवं उपसरपंच, चिंता देवांगन,सरपंच पवन खरे ग्राम पंचायत रतनभाट के उपसरपंच दिग्विजय मिश्रा, ठाकुर राम यादव, सोसायटी अध्यक्ष कपिल बखेल, डी.एस. राणा, खुज्जी स्कूल संचालक टिकेन्द्र शर्मा, गोवर्धन यादव, संतोष यादव, प्रमोद ग्राम प्रमुख, सुमित मांडवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष साहू तथा ग्राम पंचायत कलडबरी के बेदुराम साहू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
समापन समारोह में आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का शाल भेंटकर आत्मीय सम्मान किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
पारंपरिक खेलों से युवाओं में विकसित होती है अनुशासन और टीम भावना
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि कबड्डी भारत का पारंपरिक खेल है, जो शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती, अनुशासन, साहस और टीम भावना का विकास करता है। ग्रामीण अंचलों में इस तरह के खेल आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। ग्राम पतोरा में लगभग सात दशकों से निरंतर आयोजित हो रही सांसद कबड्डी प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की गौरवशाली परंपरा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बन चुकी है। इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को पारंपरिक खेलों से जोड़ने के साथ ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
ग्रामवासियों ने एकता और अतिथि सत्कार की पेश की अनूठी मिसाल
इस तीन दिवसीय आयोजन की सबसे खास बात ग्रामवासियों का आपसी सहयोग, सामूहिक सहभागिता और अतिथि सत्कार रहा। प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे हजारों ग्रामीणों, खिलाड़ियों, अतिथियों एवं खेलप्रेमियों के लिए ग्रामवासियों ने मिलकर सामूहिक भोजन की व्यवस्था की। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के लिए भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं करना ग्रामवासियों की एकजुटता, सेवाभाव और सामाजिक समरसता को दर्शाता है। गांव के प्रत्येक वर्ग ने आयोजन को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाई। ग्रामवासियों के इस आत्मीय व्यवहार और अतिथि सत्कार की अतिथियों एवं बाहर से आए लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
कैलाश शर्मा के मार्गदर्शन में सफल हुआ ऐतिहासिक आयोजन
लगभग 70 वर्षों से चली आ रही इस गौरवशाली परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने और इस वर्ष के आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान करने में जिला सांसद प्रतिनिधि कैलाश शर्मा का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। उनके मार्गदर्शन में ग्रामवासियों, आयोजन समिति, युवाओं और विभिन्न सहयोगियों ने आपसी समन्वय के साथ प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संचालित किया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों के लिए खेल व्यवस्था, अतिथियों का स्वागत-सत्कार तथा दर्शकों के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था में ग्रामवासियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, ग्रामवासियों, आयोजन सहयोगियों एवं खेलप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही विजेता खैरागढ़, उपविजेता देवगहन सहित सभी प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और भव्यता के साथ इस परंपरा को जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
ग्राम पतोरा में आयोजित सांसद कबड्डी प्रतियोगिता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के प्रति उत्साह और सामाजिक एकजुटता आज भी मजबूत है। सात दशक पुरानी यह परंपरा आने वाली पीढ़ियों के लिए खेल, संस्कृति और सामूहिक सहयोग की प्रेरणादायी विरासत बनी रहेगी।
