संवददाता- दीपक देवदास के साथ यशवंत विश्वकर्मा
महिलाओं से की चर्चा, जल के विवेकपूर्ण उपयोग एवं संरक्षण का दिया संदेश
गुरुर ।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने गुरूर विकासखंड के ग्राम तार्री में चल रहे नाला सुदृढ़ीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण कर प्रगतिरत कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति, जल संरक्षण की संभावनाओं तथा ग्रामीण क्षेत्र में इससे होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने नाला सुदृढ़ीकरण कार्य को ग्रामीण क्षेत्रों में जल संचयन बढ़ाने तथा भू-जल स्तर सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने अधिकारियों को कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यस्थल पर मौजूद महिलाओं से भी चर्चा की और उन्हें जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पानी की प्रत्येक बूंद अमूल्य है और सामूहिक प्रयासों से ही जल संकट से प्रभावी रूप से निपटा जा सकता है।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उमेश रात्रे सरपंच सतरुपा निषाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

