Headlines

गुरुर , कलेक्टर ने किया धनोरा वाटर ट्रिटमेंट प्लांट का आकस्मिक निरीक्षण

संवददाता – दीपक देवदास , बलोद 

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज गुरूर विकासखण्ड के ग्राम धनोरा में जल जीवन मिशन अंतर्गत समूह जल प्रदाय योजना के तहत निर्माणाधीन वाटर ट्रिटमेंट प्लांट का आकस्मिक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों एवं ठेकेदारों को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर एक सप्ताह के भीतर प्लांट के सभी कंपोनेंट की अनिवार्य रूप से टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से वाटर ट्रिटमेंट प्लांट के विभिन्न घटकों के निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री सागर वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्लांट के नक्शे का अवलोकन करते हुए समूह जल प्रदाय योजना में शामिल 27 गांवों की जानकारी भी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि धनोरा वाटर ट्रिटमेंट प्लांट में दोनों एमबीआर सहित सभी प्रमुख संरचनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा केवल अंतिम टेस्टिंग कार्य शेष है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्लांट में 230 किलोलीटर एवं 290 किलोलीटर क्षमता के दो एमबीआर निर्मित किए गए हैं और दोनों की टेस्टिंग भी पूरी हो चुकी है। इस वाटर ट्रिटमेंट प्लांट की कुल क्षमता 4.5 एमएलडी है। योजना के तहत 230 किलोलीटर क्षमता वाले पहले एमबीआर से 13 गांव तथा 290 किलोलीटर क्षमता वाले दूसरे एमबीआर से 14 गांवों को पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इस प्रकार कुल 27 ग्रामों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों को शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि धनोरा सहित आसपास के सभी ग्रामों में जल्द से जल्द शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *