Headlines

गाजा में हमास होगा निशस्त्र, ट्रंप का बड़ा दावा

गाजा पट्टी को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा है कि हमास और अन्य हथियारबंद गुटों के पूर्ण निशस्त्रीकरण के लिए एक ऐतिहासिक समझौता हुआ है। हालांकि इस दावे पर इजरायल और हमास की ओर से अब तक आधिकारिक सहमति सामने नहीं आई है।डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि गाजा पट्टी में हमास और अन्य हथियारबंद संगठनों के पूर्ण निशस्त्रीकरण के लिए एक ऐतिहासिक समझौता किया गया है। उनके मुताबिक, यह समझौता बोर्ड ऑफ पीस नामक एक अंतरराष्ट्रीय संस्था के तहत हुआ है, जिसे गाजा में युद्ध के बाद शासन, पुनर्निर्माण और स्थिरता की देखरेख के लिए बनाया गया था।

ट्रंप ने दावा किया कि इस समझौते से नए फिलिस्तीनी प्रशासन के गठन और इजरायली सेना की चरणबद्ध वापसी का रास्ता साफ होगा। उन्होंने कहा कि समझौते के तहत एक इंटरनेशनल स्टेबलाइजेशन फोर्स गाजा पट्टी की जिम्मेदारी संभालेगी और नई फिलिस्तीनी पुलिस फोर्स के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संचालित करेगी।

हालांकि इस समझौते पर सवाल भी उठ रहे हैं। रॉयटर्स के अनुसार, एक इजरायली अधिकारी ने प्रस्तावित शर्तों को संतोषजनक नहीं बताया है। अधिकारी का कहना है कि इजरायल किसी भी प्रक्रिया से पहले हमास के पूर्ण निशस्त्रीकरण, गाजा से हथियार हटाने और पूरे इलाके को सैन्य-मुक्त करने की मांग करता है।

वहीं, हमास की ओर से इस समझौते पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि हमास के करीबी एक राजनयिक ने कहा कि समझौते की प्रगति इजरायल की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगी और इससे व्यापक समझौते की संभावना का आकलन किया जाएगा।

यह दावा ऐसे समय में सामने आया है जब गाजा पट्टी में हिंसा जारी है। फिलिस्तीनी चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार को इजरायली हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हुई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे।

ट्रंप ने कहा कि इस समझौते का उद्देश्य इजरायल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और गाजा का इस्तेमाल भविष्य में आतंकी हमलों के लिए होने से रोकना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *