संसद परिसर में विपक्ष का सांकेतिक प्रदर्शन, राम मंदिर चढ़ावा मुद्दे पर नाटक से सरकार को घेरा
अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों ने संसद परिसर में सांकेतिक नाटक के जरिए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। प्रदर्शन के दौरान पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में नजर आए, जबकि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने प्रतीकात्मक रूप से दान पेटी में चढ़ावा चढ़ाया।
नाटक के दौरान एक दान पेटी रखी गई थी। इसके बाद साधु के वेश में मौजूद पप्पू यादव दान पेटी लेकर भागते हुए दिखाई दिए और अन्य विपक्षी सांसदों ने उन्हें रोकने का अभिनय करते हुए ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। विपक्ष का कहना था कि यह प्रदर्शन कथित चढ़ावा चोरी के मामले और अन्य सार्वजनिक मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने के लिए किया गया।
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। सांसदों ने ‘अमित शाह सदन में आओ, जवाब दो’, ‘चढ़ावा चोरी नहीं चलेगी’ और ‘पेपर चोरी नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए। विपक्ष ने इस प्रदर्शन को लोकतांत्रिक विरोध का हिस्सा बताया।
इस पूरे घटनाक्रम पर लोकसभा अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि संसद और उसके परिसर की गरिमा बनाए रखना सभी सांसदों की जिम्मेदारी है। अध्यक्ष ने सदस्यों को वेश बदलकर संसद परिसर में आने से बचने और संसदीय मर्यादा का पालन करने की सलाह दी।
हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, विपक्ष ने स्पष्ट किया कि वह विभिन्न मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने के लिए अपना विरोध जारी रखेगा।

