Headlines

उज्जैन मस्जिद कार्रवाई पर अखिलेश यादव का बयान, मुसलमानों से बोले- ‘धैर्य रखें’

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उज्जैन की शाही मस्जिद पर हुई कार्रवाई को लेकर बड़ा बयान दिया है। सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद के एक हिस्से को हटाए जाने के बीच अखिलेश यादव ने मुस्लिम समुदाय से धैर्य रखने की अपील की है।

अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे मुसलमान धैर्य रखें। जिन लोगों ने अधिकार छीनने का काम किया है, उन्हें संविधान सजा देगा। सपा प्रमुख ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए यह भी दावा किया कि सबसे ज्यादा अवैध इमारतें बीजेपी के पास हैं।

दरअसल, उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के उस हिस्से को हटाया जा रहा है, जो प्रस्तावित सड़क क्षेत्र में आ रहा है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने 9 सितंबर को इस कार्रवाई को चुनौती देने वाली दो याचिकाओं को खारिज कर दिया था।

इसके बाद मस्जिद की नुमाइंदा कमेटी के लोग खुद ही उस हिस्से को हटा रहे हैं, जो सड़क चौड़ीकरण की जद में है। प्रशासन की ओर से भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। डीएम रोशन सिंह, एसपी और शहर काजी ने लोगों से शांति बनाए रखने को कहा है।

शंकराचार्य और मायावती के मुद्दे पर भी बोले अखिलेश

अखिलेश यादव ने शंकराचार्य के साथ हुए व्यवहार को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसकी सजा बीजेपी को मिलेगी।

अखिलेश ने दावा किया कि शंकराचार्य को गंगा में स्नान नहीं करने दिया गया। इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने बीजेपी पर सवाल उठाए।

वहीं, मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री वास्तव में गाय प्रेमी हैं, तो मुख्यमंत्री कार्यालय में 100 गाय रखनी चाहिए और उनकी सेवा करनी चाहिए।

ईवीएम के सवाल पर साइबर फ्रॉड का जिक्र

मायावती की ओर से ईवीएम को लेकर लगाए गए आरोपों के बीच अखिलेश यादव ने तकनीक और साइबर अपराध का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने लखनऊ में कथित साइबर फ्रॉड का जिक्र करते हुए कहा कि शहर में बड़ी संख्या में अवैध कॉल सेंटर चलाए जा रहे थे और अमेरिका से पैसे वसूले जा रहे थे।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कट्टे से नहीं, बल्कि कंप्यूटर के जरिए ज्यादा अपराध हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *