Headlines

बच्चे के जन्म पर मिलेगी सोने की अंगूठी, CM विजय ने खुद पहनाई गोल्ड रिंग

तमिलनाडु में नवजात बच्चों के लिए सरकार ने एक नई योजना की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ योजना लॉन्च की। इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र नवजात बच्चों को एक ग्राम की 22 कैरेट सोने की अंगूठी दी जाएगी।

योजना की शुरुआत के मौके पर मुख्यमंत्री विजय ने अस्पताल में नवजात बच्चों को गोद में लिया और पात्र बच्चों को सोने की अंगूठियां वितरित कीं। सरकार ने इस योजना के लिए 755.83 करोड़ रुपये का बजट तय किया है।

सरकार का कहना है कि इस पहल का मकसद सरकारी अस्पतालों में प्रसव को बढ़ावा देना और महिलाओं व बच्चों से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है। योजना का लाभ केवल तमिलनाडु के स्थायी निवासियों को मिलेगा। साथ ही, लाभार्थी मां का गर्भावस्था और शिशु निगरानी सिस्टम में पंजीकरण भी जरूरी होगा।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, तमिलनाडु में हर साल करीब 7.8 लाख बच्चों का जन्म होता है। इनमें लगभग 4.2 लाख, यानी करीब 53 फीसदी प्रसव सरकारी अस्पतालों में होते हैं।

इस योजना को पहले 15 सितंबर को सी. एन. अन्नादुरै की जयंती के अवसर पर शुरू किया जाना था। लेकिन मुख्यमंत्री विजय की लंदन यात्रा के चलते लॉन्चिंग कार्यक्रम को आगे बढ़ा दिया गया। अब मदुरै से इसे औपचारिक रूप से लागू किया गया है।

गौरतलब है कि 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री विजय ने महिला मतदाताओं के लिए कई चुनावी वादों की घोषणा की थी। इनमें महिला मुखिया को हर महीने आर्थिक सहायता, मुफ्त बस यात्रा और शादी के लिए आर्थिक मदद जैसी घोषणाएं शामिल थीं।

मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने ‘अन्नपूर्णी सुपर 6’ योजना की भी शुरुआत की थी। इसके तहत परिवारों को साल में छह मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की घोषणा की गई थी।

मदुरै दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस ने एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *