Headlines

NH-30 के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का एसपी ने किया सघन निरीक्षण, ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने, संकेतक व स्टॉपर लगाने के दिए निर्देश

यशवंत विश्वकर्मा


गुरुर।बालोद पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) ने मंगलवार को थाना पुरूर क्षेत्रांतर्गत NH-30 मार्ग के करीब 22 किलोमीटर हिस्से का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व में हुई सड़क दुर्घटनाओं के स्थलों तथा दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और सड़क सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने मड़कोटला घाटी, राजाराव पठार, जगतरा टोल प्लाजा, बालोदघाट मोड़, ग्राम पुरूर दुर्गावती चौक, ग्राम चिटौद हनुमान मंदिर के पास, चिटौद हाउसिंग बोर्ड मोड़ तथा पुट्टू ढाबा के पास सड़क की स्थिति और दुर्घटना की संभावनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने प्रत्येक स्थान पर दुर्घटनाओं के संभावित कारणों की जानकारी लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
संकेतक, स्टॉपर और सोलर लैंप लगाने के निर्देश
एसपी ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सांकेतिक चिन्ह, स्टॉपर एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपकरण लगाने के निर्देश दिए। मड़कोटला घाटी में रात्रि के समय दृश्यता बढ़ाने के लिए सोलर लैंप लगाए जाने सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा की गई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक इंतजाम समय पर सुनिश्चित किए जाएं, ताकि वाहन चालकों को मार्ग की स्थिति और संभावित खतरे की जानकारी पहले से मिल सके।
यातायात नियमों के पालन पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों एवं राहगीरों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान SDOP गुरूर श्रीमती माया शर्मा, थाना प्रभारी पुरूर श्री जन्मेजय पाण्डेय, यातायात प्रभारी श्री नवीन बोरकर, SDO (NHAI) श्री S.K. द्विवेदी एवं सब इंजीनियर श्री राकेश नेताम उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *