NCP में विलय की अटकलों पर रोहित पवार का बड़ा बयान, शरद पवार और सुप्रिया सुले को लेकर कही ये बात
महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विधायक रोहित पवार ने विराम लगाने की कोशिश की है। उन्होंने साफ कहा है कि पार्टी के भीतर दोनों गुटों के विलय को लेकर कोई बातचीत नहीं हो रही है। साथ ही उन्होंने इन खबरों को एक खास राजनीतिक विमर्श तैयार करने की कोशिश बताया है।
सोमवार, 9 नवंबर को अपने दादा और NCP प्रमुख शरद पवार से मुलाकात के बाद रोहित पवार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि न तो शरद पवार और न ही पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने विलय या गठबंधन को लेकर उनसे कोई चर्चा की है।
रोहित पवार ने कहा कि अगर दोनों गुटों के विलय को लेकर कोई बातचीत चल रही होती, तो सुप्रिया सुले या शरद पवार ने उन्हें जरूर इसकी जानकारी दी होती। उन्होंने दावा किया कि विलय की चर्चा सिर्फ अजित पवार गुट और मीडिया में चल रही है।
शरद पवार से नेताओं की मुलाकात के बाद तेज हुई थीं चर्चाएं
दरअसल, पिछले सप्ताह NCP के दोनों गुटों के एक होने की अटकलें उस समय तेज हो गई थीं, जब सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली NCP के कई नेताओं ने शरद पवार से मुलाकात की थी। इनमें प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार जैसे बड़े नाम शामिल थे। उस समय शरद पवार सीने में संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती होने के बाद स्वास्थ्य लाभ कर रहे थे।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल के बीच 10 नवंबर के बाद संभावित बैठक को लेकर बातचीत सुनी गई। इसके बाद दोनों गुटों के विलय की चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया।
अजित पवार को लेकर सुनील तटकरे के बयान का भी जिक्र
इस बीच NCP के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने दावा किया था कि अगर अजित पवार जीवित होते, तो दोनों गुटों का विलय इसी साल फरवरी में हो गया होता। हालांकि, रोहित पवार ने इन चर्चाओं को राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश करार दिया।
अजित पवार विमान हादसे की जांच पर भी उठाए सवाल
रोहित पवार ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में हुई मौत की जांच को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे की जांच सही दिशा में आगे नहीं बढ़ रही है और सत्ता में बैठे लोग इस घटना से जुड़े संदेहों का जवाब देने में नाकाम हैं।
उन्होंने बताया कि वह 14 और 15 नवंबर को मुंबई में एक विस्तृत प्रस्तुति देंगे, जिसमें विमान हादसे और उससे जुड़े तमाम सवालों को सामने रखा जाएगा।
अब सवाल यह है कि क्या महाराष्ट्र की राजनीति में NCP के दोनों गुटों के बीच सुलह की कोई संभावना है या फिर विलय की चर्चाएं महज सियासी अटकलें बनकर रह जाएंगी?
