Headlines

राहुल गांधी के बचाव में उतरे पृथ्वीराज चव्हाण, दिया बड़ा बयान!

राहुल गांधी के बचाव में उतरे पृथ्वीराज चव्हाण, बीजेपी को दी आत्ममंथन की नसीहत

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर बीजेपी की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि वह देश को बदनाम नहीं कर रहे, बल्कि देश की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रख रहे हैं। अगर बीजेपी को उनकी बातों से परेशानी हो रही है, तो उसे खुद के भीतर झांककर आत्ममंथन करना चाहिए।

मुंबई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि देश की सच्चाई दुनिया के सामने रखने में कुछ भी गलत नहीं है। किसी भी मुद्दे पर टिप्पणी करने से पहले बीजेपी को देश के मौजूदा हालात पर विचार करना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि कोई भी देश को बदनाम नहीं कर रहा है।

राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर भी किया बचाव

राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर बीजेपी द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी पृथ्वीराज चव्हाण ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कहां जाते हैं और उन्हें कौन आमंत्रित करता है, यह उनका अपना फैसला है। जब प्रधानमंत्री विदेश यात्रा पर जाते हैं, तब इस तरह के सवाल नहीं उठाए जाते।

चव्हाण ने कहा कि राहुल गांधी देश के नेता प्रतिपक्ष हैं और दुनिया के अलग-अलग देशों के लोग विपक्ष का नजरिया भी जानना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से प्रोपेगेंडा फैलाया जा रहा है, ऐसे में विपक्ष की बात सुनना भी जरूरी है।

‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे पर गरमाई सियासत

दरअसल, 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित एक भारत समिट के दौरान पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट के महासचिव और इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने राहुल गांधी की मौजूदगी में मंच से ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए थे।

इसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों में विदेशी नेताओं को शामिल कर रही है। इसी मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब पृथ्वीराज चव्हाण के बयान ने इस सियासी विवाद को और हवा दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *