डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से मोहड़, मोहारा, सिंगदई और हल्दी में होगी 24 घंटे जलापूर्ति, 7.36 करोड़ रुपये की मिली स्वीकृति; अमृत मिशन 2.0 के तहत राजनांदगांव नगर निगम को मिली 24×7 जल प्रदाय पायलट परियोजना की मंजूरी, चार सीमावर्ती क्षेत्रों में विकसित होगी आधुनिक जल वितरण व्यवस्था
राजनांदगांव। शहरवासियों को बेहतर, निरंतर और गुणवत्तापूर्ण पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में राजनांदगांव नगर निगम को बड़ी उपलब्धि मिली है। अमृत मिशन 2.0 योजना के अंतर्गत शहर के मोहड़, मोहारा, सिंगदई एवं हल्दी क्षेत्रों में 24 घंटे जलापूर्ति की आधुनिक व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके लिए राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) द्वारा 7 करोड़ 36 लाख 27 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। विभागीय आदेश 10 नवंबर 2026 के तहत स्वीकृत इस पायलट परियोजना से इन चार क्षेत्रों के नागरिकों को नियमित, निर्बाध एवं बेहतर दबाव के साथ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर महापौर मधुसूदन यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे संस्कारधानी राजनांदगांव के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके तत्परता एवं सतत प्रयासों से नगर निगम को कम समय में इस महत्वपूर्ण परियोजना की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है।
महापौर मधुसूदन यादव ने बताया कि परियोजना के तहत शहर के सीमावर्ती क्षेत्रों मोहड़, मोहारा, सिंगदई एवं हल्दी को पायलट क्षेत्र के रूप में चयनित किया गया है। इन क्षेत्रों में जल वितरण व्यवस्था को आधुनिक एवं मजबूत बनाने के लिए टंकी निर्माण, बोर खनन, बोर स्थापना, जलापूर्ति अधोसंरचना के विकास एवं सुदृढ़ीकरण सहित विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। योजना का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक कार्यशील नल-जल कनेक्शन के माध्यम से नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना तथा इन क्षेत्रों को जल सुरक्षा की दृष्टि से सक्षम बनाना है।
इस परियोजना के क्रियान्वयन से संबंधित क्षेत्रों में नागरिकों को 24 घंटे जलापूर्ति की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। आधुनिक जल वितरण प्रणाली विकसित होने से पानी की बर्बादी एवं जल हानि में कमी आएगी। साथ ही जलापूर्ति का दबाव, सेवा की गुणवत्ता और नागरिकों की सुविधा में सुधार होगा। यह परियोजना भविष्य में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की आधुनिक जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करने का आधार बनेगी।
महापौर ने कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर, निरंतर एवं भरोसेमंद जलापूर्ति सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। उन्होंने प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त होने के बाद निगम आयुक्त एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को बैठक आयोजित कर कार्ययोजना तैयार करने, जिम्मेदारियां निर्धारित करने, गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति पर नगर निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र (पारस) वर्मा, जल कार्य विभाग के प्रभारी पार्षद सुनील साहू, मोहारा पार्षद आलोक श्रोती, हल्दी पार्षद चंद्रकृत साहू, सिंगदई पार्षद मुकेश साहू एवं मोहड़ पार्षद संजय रजक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव, राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय तथा महापौर मधुसूदन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से चारों क्षेत्रों के नागरिकों को पेयजल संबंधी सुविधाओं में राहत मिलेगी और आधुनिक जलापूर्ति व्यवस्था का लाभ प्राप्त होगा।
