Headlines

गुरुर : राजीव भवन बालोद में कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक, नियुक्ति पत्र वितरण

राजीव भवन बालोद में कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक, नियुक्ति पत्र वितरण

जिला उपाध्यक्ष तामेश्वर साहू का किया गया सम्मान, संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
गुरुर।
जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के नवनियुक्त पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम राजीव भवन बालोद में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह केवल एक पद नहीं बल्कि संगठन के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से टीम वर्क की भावना के साथ कार्य करते हुए संगठन के आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने और बालोद जिला कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि बूथ कमेटियों के गठन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची का सूक्ष्मता से विश्लेषण करने की अपील करते हुए कहा कि आगामी अप्रैल माह में होने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान नाम जोड़ने और काटने का कार्य योजनाबद्ध तरीके से किया जाना चाहिए।
संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान सरकार विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि और घरेलू उपभोक्ताओं को पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिलने को लेकर डबल इंजन सरकार की कड़ी आलोचना की।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 17 मार्च को आयोजित मनरेगा बचाओ संग्राम, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ आंदोलन तथा दुर्ग और बलरामपुर जिलों में अवैध अफीम की खेती के विरोध में बालोद जिले से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। प्रदेश से नियुक्त प्रभारी मेहुल मारू, अय्यूब खान एवं आफताब आलम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आग्रह किया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं बालोद जिले के बूथ गठन प्रभारी शाहिद खान ने संगठनात्मक जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बूथ एवं पंचायत कमेटी तथा नगरीय निकायों में बूथ एवं वार्ड कमेटियों का गठन किया जाएगा। प्रत्येक कमेटी 12 सदस्यीय होगी, जिसमें अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक, सामान्य वर्ग एवं महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देना अनिवार्य रहेगा। प्रत्येक बूथ में दो वरिष्ठ नेताओं की नियुक्ति भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस अभियान की अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित की गई है और इसे मिशन मोड में पूरा करने का आह्वान किया गया।
बैठक के पश्चात गैस सिलेंडर की किल्लत एवं कीमतों में वृद्धि के विरोध में शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष साजन पटेल के नेतृत्व में प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा, शीबू नायर, प्रदेश प्रतिनिधि कोदुराम दिल्लीवार, संजय चंद्राकर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बालोद शहर अंचल प्रकाश साहू, ग्रामीण अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, दल्लीराजहरा रत्तीराम कोसमा, गुरुर किशोर साहू, गुंडरदेही कचरु साहू, अर्जुन्दा जीवन बंदे, देवरी संजीव चौधरी, डौन्डी शिवप्रसाद बारला, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रामजी भाई पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, पूरन साहू, हस्तीमल सांखला, संतु पटेल, प्रकाश आर्य, हरीश चंद्राकर, मुरारी सुकतेल, खेमिन ढाले, तामेश्वर साहू, संजय बारले, जिला पंचायत सदस्य मीना साहू, गिरीश चंद्राकर, संजय साहू, कमलेश श्रीवास्तव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत बोकडे, वैभव साहू, रोहित सागर सहित बड़ी संख्या में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, प्रवक्ता, सोशल मीडिया टीम एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *