संवाददाता || दीपक देवदास || बालोद
गुरुर (बालोद)। गुरुर ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत रमतरा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत पक्की नाली निर्माण कार्य प्रगति पर है। यह नाली स्कूल डबरी से रमशीला के घर तक बनाई जा रही है, जिसकी प्रशासकीय स्वीकृत राशि 9 लाख 99 हजार 426 रुपये है।
जानकारी के अनुसार, कार्य 26 जनवरी 2026 से प्रारंभ किया गया है। अब तक श्रमिक मद में 1 लाख 69 हजार 287 रुपये तथा सामग्री मद में 8 लाख 30 हजार 139 रुपये खर्च किए जा चुके हैं। निर्माण कार्य ग्राम पंचायत रमतरा के सरपंच के माध्यम से कराया जा रहा है, जिसमें तकनीकी सहायक संजीव कुमार तथा कार्यक्रम अधिकारी योगेश कुमार देवांगन की देखरेख शामिल है।
स्थल निरीक्षण के दौरान तकनीकी सहायक संजीव कुमार ने बताया कि नाली में बह रहे पानी को दूसरी दिशा में मोड़ने के निर्देश सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक को दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य में बाधा न आए। वर्तमान में पानी भराव, गंदगी और कीचड़ के कारण काम प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ ग्रामीणों द्वारा निर्माण स्थल पर लकड़ी व अन्य सामग्री रख दी गई है, जिससे कार्य में परेशानी हो रही है। वहीं एक स्थान पर पाइप गिरने से नाली की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे ठेकेदार को सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक का कहना है कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा है और निगरानी में ही निर्माण कार्य चल रहा है।
फिलहाल, स्थल पर मौजूद अव्यवस्थाओं को दूर कर कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने की जरूरत महसूस की जा रही है।

