बांकीपुर उपचुनाव: एग्जिट पोल में प्रशांत किशोर आगे, BJP दे रही कड़ी टक्कर
तीन सर्वे में जन सुराज को बढ़त का अनुमान, बीजेपी दूसरे नंबर पर; 3 अगस्त को आएंगे फाइनल नतीजेपटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की वोटिंग खत्म होने के बाद एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आने लगे हैं। मुकाबला भले ही किसी के भी पक्ष में जा सकता है, लेकिन तीन ताजा सर्वे में जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर को बढ़त मिलती दिखाई गई है।
बांकीपुर सीट पर मुख्य मुकाबला बीजेपी और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के बीच माना जा रहा है। वहीं आरजेडी की उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में हैं।
वोट वाइब के सर्वे के मुताबिक, प्रशांत किशोर को करीब 44 प्रतिशत वोट शेयर मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 32 प्रतिशत और आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता को 17 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना जताई गई है।
पोल पंडित के सर्वे में जन सुराज के प्रशांत किशोर सबसे आगे बताए गए हैं। इस सर्वे में उन्हें 50 से 54 प्रतिशत वोट शेयर मिलने का अनुमान है। बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 38 से 42 प्रतिशत और आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता को करीब 5 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान जताया गया है।
वहीं रुद्रा रिसर्च के एग्जिट पोल में भी प्रशांत किशोर को बढ़त दी गई है। सर्वे के अनुसार जन सुराज को 50 प्रतिशत, बीजेपी को 36 प्रतिशत और आरजेडी को 10 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है।
हालांकि, ये सभी आंकड़े सिर्फ एग्जिट पोल पर आधारित हैं। असली नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। एग्जिट पोल में प्रशांत किशोर आगे दिख रहे हैं, लेकिन बीजेपी का दावा है कि बांकीपुर सीट पर उसका दबदबा कायम रहेगा। अब नजर फाइनल रिजल्ट पर है कि जनता का फैसला किसके पक्ष में जाता है।

