CM योगी के फैसले से खुश हुईं मायावती, सपा पर साधा निशानाभदोही का नाम संत रविदास नगर करने के फैसले का BSP ने किया स्वागत, मायावती ने कांशीराम समेत अन्य महापुरुषों के नाम पर बने जिलों की बहाली की मांग उठाईउत्तर प्रदेश सरकार के एक फैसले पर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने खुशी जताई है। योगी सरकार द्वारा भदोही जिले का नाम बदलकर फिर से संत रविदास नगर किए जाने के फैसले का बसपा ने स्वागत किया है। हालांकि, इस दौरान मायावती ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला।
मायावती ने कहा कि BSP की सरकारों के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए कई नए जिले, तहसील, विकास खंड और पुलिस जोन बनाए गए थे। इनमें कई जिलों के नाम दलित और पिछड़े वर्गों के महान संतों, गुरुओं और महापुरुषों के नाम पर रखे गए थे।
उन्होंने कहा कि संत रविदास नगर, छत्रपति शाहूजी महाराज नगर और भीम नगर जैसे कई जिलों का गठन बसपा सरकार के समय हुआ था, लेकिन बाद में सपा सरकार ने अपनी जातिवादी सोच और राजनीतिक द्वेष के चलते इनके नाम बदल दिए।
बसपा सुप्रीमो ने कासगंज का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए कासगंज को जिला मुख्यालय का दर्जा दिया गया था और इसे कांशीराम जी के नाम पर नया जिला बनाया गया था, लेकिन सपा सरकार ने इसका नाम भी बदल दिया।
मायावती ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि संत रविदास नगर की तरह ही कांशीराम और अन्य महापुरुषों के नाम पर बनाए गए जिलों के पुराने नाम भी बहाल किए जाएं। उन्होंने कहा कि अगर यह फैसला कांशीराम जी के परिनिर्वाण दिवस 9 अक्टूबर से पहले या उसी दिन किया जाता है तो BSP इसके लिए सरकार की आभारी रहेगी।

