राहुल गांधी का केंद्र पर हमला, बोले- छात्रों की आवाज दबा सकते हैं, पेपर लीक नहीं रोक सकते
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बीच 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने के फैसले पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए मेट्रो सेवाओं पर रोक लगा सकती है, रास्तों पर पाबंदी लगा सकती है और इंटरनेट तक बंद कर सकती है, लेकिन परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों और पेपर लीक को रोकने में नाकाम साबित हुई है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मेट्रो बंद करो, रास्ते बंद करो, दुकानें बंद करो, इंटरनेट बंद करो, खाना बंद करो। अपने हक की मांग कर रहे छात्रों के खिलाफ सरकार ने ये कठोर कदम उठाए। लेकिन एक चीज बंद नहीं कर पाए मोदी जी- पेपर लीक।”
18 मेट्रो स्टेशन किए गए बंद
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए शनिवार सुबह 7:30 बजे से 18 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया। डीएमआरसी के मुताबिक इन स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट पूरी तरह रोक दी गई है।
हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई है। डीएमआरसी ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया है।
नई दिल्ली समेत कई बड़े स्टेशन प्रभावित
बंद किए गए स्टेशनों में नई दिल्ली, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं।
डीएमआरसी ने स्टेशन बंद करने का कारण सुरक्षा व्यवस्था बताया है, हालांकि नई दिल्ली स्टेशन को बंद करने की विशेष वजह स्पष्ट नहीं की गई है।
प्रदर्शन के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
बता दें कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए मार्च के बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शनकारी NEET समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी के कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

