Headlines

चुनावी मोड में सपा! हर वर्ग को साधने के लिए अखिलेश यादव ने खोला घोषणाओं का पिटारा

सपा का चुनावी मिशन तेज, महिलाओं से किसानों तक अखिलेश के बड़े ऐलान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधियों और संगठनों के साथ बैठकें कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में महिलाओं, किसानों, खिलाड़ियों, कलाकारों, शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के साथ कई घोषणाएं भी सामने आई हैं।

महिलाओं के लिए सालाना 40 हजार रुपये का वादा

अखिलेश यादव ने सरकार बनने पर नारी समृद्धि सम्मान योजना शुरू करने का ऐलान किया है। इसके तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है। इसके अलावा रोजगार में 33 फीसदी आरक्षण और मुफ्त लैपटॉप देने जैसे वादे भी किए गए हैं।

खिलाड़ियों और कलाकारों पर भी फोकस

सपा प्रमुख ने खिलाड़ियों और कलाकारों के साथ बैठक कर खेल और कला के क्षेत्र में सुविधाएं बढ़ाने की बात कही। अखिलेश यादव ने सरकार बनने पर यश भारती सम्मान को फिर शुरू करने का ऐलान किया है। साथ ही पुरस्कार राशि को 11 लाख से बढ़ाकर 21 लाख रुपये करने की बात कही गई है।

पुरानी पेंशन बहाली का ऐलान

सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को भी सपा ने अपने चुनावी एजेंडे में शामिल किया है। अखिलेश यादव ने पुरानी पेंशन योजना को लेकर कहा है कि सरकार बनने पर पुरानी पेंशन बहाल करना प्राथमिकता होगी। इसके अलावा स्कूलों की स्थिति सुधारने और शिक्षकों की समस्याओं पर भी काम करने की बात कही गई है।

किसानों के लिए मुफ्त बिजली और 48 घंटे में गन्ना भुगतान

30 सितंबर को अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में किसान नेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान फसल के दाम, बिजली, सिंचाई और गन्ना भुगतान जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त की जाएगी। साथ ही गन्ना किसानों के भुगतान की व्यवस्था 24 से 48 घंटे के भीतर करने की बात कही गई। किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य देने और फसल नुकसान की भरपाई का भी ऐलान किया गया है।

इन घोषणाओं के जरिए सपा अलग-अलग सामाजिक और पेशेवर समूहों से जुड़े मुद्दों को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में प्रमुखता देती नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *