Headlines

गुरुर: 72 किलो से अधिक गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, बालोद साइबर सेल की सतर्कता से मिली बड़ी सफलता

72 किलो से अधिक गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, बालोद साइबर सेल की सतर्कता से मिली बड़ी सफलता

गुरुर । थाना डौण्डीलोहारा पुलिस और बालोद साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 72.621 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, चार मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन सहित कुल 40 लाख 52 हजार 50 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर तथा एसडीओपी बोनी फॉस एक्का के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश के कुछ युवक ओडिशा से गांजा लेकर मोटरसाइकिलों के माध्यम से बालोद मार्ग होते हुए मध्यप्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील तिर्की के नेतृत्व में पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने ग्राम भेड़ी तिराहा के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिलें पहुंचीं, जिन्हें रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्लास्टिक टबों के अंदर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खानों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
साइबर सेल प्रभारी धर्म भूआर्य की भूमिका रही अहम
इस पूरे ऑपरेशन में बालोद साइबर सेल प्रभारी धरम भूआर्य की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। पुलिस विभाग में अपनी सक्रिय कार्यशैली, गंभीरता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पहचाने जाने वाले धरम भूआर्य ने सूचना के सत्यापन से लेकर टीम समन्वय और आरोपियों तक पहुंचने की रणनीति में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सहकर्मियों के अनुसार धरम भूआर्य हमेशा अपने कार्य के प्रति सजग और जिम्मेदार रहते हैं। उनकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे अपनी पूरी टीम को साथ लेकर चलते हैं तथा टीम के प्रत्येक सदस्य को परिवार की तरह सम्मान और सहयोग देते हैं। इसी वजह से साइबर सेल की टीम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है और कई महत्वपूर्ण मामलों में सफलता हासिल कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी
श्याम गोड़ (26 वर्ष), जिला रायसेन, मध्यप्रदेश
पवन गोड़ (26 वर्ष), जिला सागर, मध्यप्रदेश
प्रदीप चौहान (20 वर्ष), जिला रायसेन, मध्यप्रदेश
संजय कुमावत (20 वर्ष), जिला रायसेन, मध्यप्रदेश
एक विधि से संघर्षरत बालक
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल डौण्डीलोहारा थाना स्टाफ एवं बालोद साइबर सेल टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *