Headlines

फ्लाई दुबई विमान कांड पर नेतन्याहू का बड़ा बयान, बोले- हमलावर का हुआ था ब्रेनवॉश

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फ्लाई दुबई विमान में हुए हमले को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट का ब्रेनवॉश किया गया था और उसे कट्टरपंथी विचारधारा की ट्रेनिंग दी गई थी।

कैप्टन स्मित माछर की बहादुरी की दुनियाभर में तारीफ हो रही है। इसी बीच नेतन्याहू ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि कॉकपिट में पायलट पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को इस्लामिक कट्टरपंथी विचारधारा की ट्रेनिंग दी गई थी।

नेतन्याहू के मुताबिक, आरोपी ने एक नियम में मौजूद खामी का फायदा उठाकर विमान में प्रवेश किया था। उन्होंने बताया कि इजरायल जाने वाली उड़ानों के पायलट ऐसे देशों से नहीं हो सकते, जिनके इजरायल के साथ राजनयिक संबंध नहीं हैं। नेतन्याहू का दावा है कि इसी नियम की खामी का फायदा उठाकर आरोपी विमान के कॉकपिट तक पहुंचा।

तेल अवीव में स्मित माछर की बहादुरी को सलाम

वहीं, तेल अवीव में आयोजित इंडिया-इजरायल फेस्टिवल और भारतीय यहूदियों के नेशनल कन्वेंशन में कैप्टन स्मित माछर की बहादुरी की जमकर तारीफ हुई।

कार्यक्रम में इजरायल में भारत के राजदूत जेपी सिंह ने कैप्टन स्मित माछर के साहस को सराहा और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कार्यक्रम की तस्वीरें और जानकारी साझा करते हुए कैप्टन स्मित माछर को श्रद्धांजलि और सम्मान व्यक्त किया। दूतावास ने लिखा—’कैप्टन स्मित माछर को दिल से सलाम!’

फ्लाई दुबई विमान में हुई इस घटना और कैप्टन स्मित माछर की स्थिति को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *