Headlines

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सांसद अवधेश प्रसाद का बड़ा बयान, बोले- ‘वो हमारे क्षेत्र में…’

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज अयोध्या दौरे पर पहुंचेंगे. उनके अयोध्या आगमन को लेकर सपा सांसद अवधेश प्रसाद की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने अखिलेश यादव के दौरे का स्वागत करते हुए इसे अयोध्यावासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए खुशी का दिन बताया है.

अवधेश प्रसाद ने कहा कि अखिलेश यादव एक भागवत कथा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का उनके संसदीय क्षेत्र में आगमन बेहद खुशी की बात है और वह अयोध्या के लोगों की ओर से उनका स्वागत और अभिनंदन करते हैं.

सपा सांसद के मुताबिक, यह भागवत कथा समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडे के आवास और गांव में आयोजित की जा रही है. इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अखिलेश यादव अयोध्या पहुंचेंगे.

2027 चुनाव को लेकर योगी पर निशाना

इस दौरान अवधेश प्रसाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 80-20 वाले बयान पर भी पलटवार किया. उन्होंने दावा किया कि 2027 का विधानसभा चुनाव 80-20 की लड़ाई नहीं, बल्कि 95-5 की लड़ाई होगी.

अवधेश प्रसाद ने कहा कि 2027 के चुनाव में पीडीए के पक्ष में 95 फीसदी और योगी बाबा के पक्ष में पांच फीसदी वोट आएगा. उन्होंने दावा किया कि चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले होंगे और एक नया इतिहास बनेगा.

उन्होंने लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह 2024 में बीजेपी के दावे के उलट नतीजे आए थे, उसी तरह 2027 का विधानसभा चुनाव भी चौंकाने वाला साबित होगा.

राम मंदिर दर्शन को लेकर सियासत तेज

गौरतलब है कि अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे के कार्यक्रम में राम मंदिर दर्शन का जिक्र नहीं है. वह पूर्व मंत्री पवन पांडे के यहां आयोजित भागवत कथा में शामिल होंगे. अखिलेश के अयोध्या दौरे के दौरान राम मंदिर नहीं जाने को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साध रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *